सीईसी के खिलाफ जंतर मंतर पर सीजेपी को प्रदर्शन की अनुमति नहीं, 2 अक्टूूबर के लिए किया था एलान

सीईसी के खिलाफ जंतर मंतर पर सीजेपी को प्रदर्शन की अनुमति नहीं, 2 अक्टूूबर के लिए किया था एलान

प्रेषित समय :12:39:02 PM / Tue, Sep 29th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

नई दिल्ली. मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष और विभिन्न संगठनों का विरोध तेज होता जा रहा है. 2 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर दिल्ली पुलिस ने अभी तक कोई अनुमति जारी नहीं की है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, प्रदर्शन के लिए अब तक मंजूरी नहीं दी गई है.

आम आदमी पार्टी दिल्ली के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने सोमवार को लोगों से 2 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की थी. विपक्षी दलों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के भी इस विरोध प्रदर्शन में शामिल होने की संभावना है.

इधर, मुंबई पुलिस ने कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) को 2 अक्टूबर को शिवाजी पार्क में प्रस्तावित प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार कर दिया है. यह प्रदर्शन चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आयोजित किया जाना था. पुलिस ने शिवाजी पार्क में सभा को लेकर लागू न्यायिक निर्देशों, जरूरी नगर निकाय अनुमति के अभाव और यातायात प्रभावित होने की आशंका को अनुमति नहीं देने के कारणों में शामिल किया है.

सीजेपी ने एसआईआर और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर 2 अक्टूबर से देशव्यापी आंदोलन शुरू करने की घोषणा की थी. संगठन के संस्थापक अभिजीत दीपके ने पुलिस की ओर से अनुमति नहीं मिलने के बाद गांधी जयंती पर मुंबई में जेल भरो आंदोलन करने का ऐलान किया है.

दीपके ने कहा है कि 2 अक्टूबर को शाम 4 बजे मुंबई में जेल भरो आंदोलन शुरू किया जाएगा. उनका यह ऐलान शिवाजी पार्क में प्रस्तावित प्रदर्शन को पुलिस की मंजूरी नहीं मिलने के बाद आया है. दिल्ली में भी एसआईआर को लेकर विरोध प्रदर्शन की तैयारियां चल रही हैं, लेकिन जंतर-मंतर पर 2 अक्टूबर के कार्यक्रम को लेकर पुलिस की मंजूरी अभी लंबित है. ऐसे में गांधी जयंती के दिन दिल्ली और मुंबई में प्रस्तावित प्रदर्शनों पर सबकी नजर रहेगी.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-