जबलपुर. एमपी के जबलपुर स्थित उखरी तिराहा पर आज उस वक्त चीखपुकार मच गई, जब लिटिल वर्ल्ड स्कूल की एक अनियंत्रित बस ने सड़क पार कर रही एक मासूम महिला को इस बेरहमी से कुचला कि उसकी घटनास्थल पर ही रूह कंपा देने वाली मौत हो गई. इस सनसनीखेज हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा.
पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गोहलपुर निवासी अलका पांडे किसी काम से उखरी चौक से गुजर रही थीं. उन्हें क्या पता था कि यह उनकी जिंदगी का आखिरी सफर साबित होगा. तभी अचानक काल बनकर आई लिटिल वर्ल्ड स्कूल की बस वहां पहुंची. बस इतनी रफ्तार में थी कि चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और अलका पांडे को जोरदार टक्कर मार दी.
टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला सड़क पर गिर पड़ीं और बस के भारी-भरकम पहिए उनके शरीर के ऊपर से गुजर गए. पल भर में अलका की सांसे थम गईं और मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई. इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद गुस्साए क्षेत्रीय लोगों ने प्रशासन और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ जमकर आक्रोश जताया.
लोगों का आरोप है कि उखरी तिराहे पर बने बेढंगे और अव्यवस्थित गतिरोध (स्पीड ब्रेकर) चालकों और राहगीरों को भ्रमित कर रहे हैं, जिसकी वजह से यहां आए दिन इस तरह के जानलेवा हादसे रोज हो रहे हैं. इसके साथ ही, स्थानीय नागरिकों ने ट्रैफिक पुलिस की कार्यशैली पर भी बड़े सवाल खड़े किए हैं. उनका कहना है कि इस चौराहे पर सिग्नल लाइट का संचालन लंबे समय से पूरी तरह चरमराया हुआ है.
सिग्नल सही ढंग से काम न करने के कारण वाहन चालक बेखौफ होकर रेड लाइट क्रॉस करते हैं, और इसी प्रशासनिक लापरवाही का खामियाजा आज एक बेकसूर महिला को अपनी जान देकर चुकाना पड़ा. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित किया और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया. फिलहाल, पुलिस ने आरोपी बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और बस को जब्त कर लिया है.

