मुंबई में बेटी ने चार साल तक फ्रीजर में रखा पिता का शव, यूएसए भेजने की थी तैयारी, ऐसे हुआ खुलासा

मुंबई में बेटी ने चार साल तक फ्रीजर में रखा पिता का शव, यूएसए भेजने की थी तैयारी, ऐसे हुआ खुलासा

प्रेषित समय :15:28:08 PM / Wed, Sep 30th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

मुंबई. महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के मलाड इलाके में एक बेटी ने अपने पिता के शव को करीब चार साल तक फ्रीजर में संभालकर रखा. बेटी अपने पिता से इतनी गहराई से जुड़ी हुई थी कि वह उनके शव को लंबे समय तक सुरक्षित रखना चाहती थी. इस हैरान करने वाले मामले का खुलासा तब हुआ, जब चॉल के रीडेवलपमेंट के लिए परिसर खाली कराने की प्रक्रिया शुरू हुई.

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, 78 वर्षीय बुजुर्ग काफी समय से कैंसर से पीडि़त थे और जून 2022 में दिल का दौरा पडऩे से उनकी मौत हो गई थी. पिता की मौत के बाद बेटी ने डॉक्टर से डेथ सर्टिफिकेट भी बनवा लिया था. शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि बुजुर्ग की मौत प्राकृतिक कारणों से हुई थी और इसमें किसी तरह की आपराधिक साजिश के संकेत नहीं मिले हैं.

बेटी ने शव को लेकर आगे क्या योजना बनाई थी?

मौत के बाद बेटी ने पिता के शव को मालाड ईस्ट स्थित एक चॉल के डे-केयर सेंटर में रखे फ्रीजर में रखवा दिया था. पूछताछ में पता चला कि बेटी की योजना केवल शव को फ्रीजर में सुरक्षित रखने तक सीमित नहीं थी. उसने अमेरिका की एक ऐसी संस्था से भी संपर्क किया था, जो शवों को लंबे समय तक सुरक्षित रखने की सेवा देती है. बेटी की योजना पैसे जुटाने और जरूरी कानूनी कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद पिता के शव को अमेरिका भेजने की थी. इसके लिए वह लगातार अमेरिकी संस्था के संपर्क में थी, कानूनी सलाह ले रही थी और पैसों का इंतजाम करने में जुटी थी. इस दौरान वह खुद अंधेरी वेस्ट में रह रही थी.

मामले का खुलासा कैसे हुआ?

मामले का खुलासा तब हुआ, जब करीब 2,000 वर्ग फुट से ज्यादा क्षेत्र में फैली इस चॉल के रीडेवलपमेंट की तैयारी शुरू हुई और मकान मालिक ने जगह खाली करने को कहा. मकान मालिक के मुताबिक, उसने साल 2022 की शुरुआत में अब्दुल रहमान नाम के व्यक्ति को यह जगह किराए पर दी थी. बाद में रहमान ने यह जगह एक दूसरे मैनेजमेंट को सौंप दी, जहां क्लिनिक और डे-केयर सेंटर चलाया जा रहा था. मकान मालिक का कहना है कि उसे इस बात की कोई जानकारी नहीं थी कि क्लिनिक और डे-केयर सेंटर के फ्रीजर में किसी इंसान का शव रखा हुआ है
 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-