राजस्थान: अकाल से बेहाल बाड़मेर-जैसलमेर को बड़ा तोहफा, 31 दिसंबर तक मुफ्त मिलेगा पानी, सीएम ने दिया आदेश

राजस्थान: अकाल से बेहाल बाड़मेर-जैसलमेर को बड़ा तोहफा, 31 दिसंबर तक मुफ्त मिलेगा पानी, सीएम ने दिया आदेश

प्रेषित समय :18:12:51 PM / Wed, Sep 30th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जयपुर. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बुधवार बाछड़ाऊ पहुंचे. यहां आयोजित जनसभा में उन्होंने बाड़मेर और जैसलमेर में अकाल की स्थिति को देखते हुए कई राहत घोषणाएं कीं. मुख्यमंत्री ने दोनों जिलों में टैंकरों के माध्यम से पेयजल आपूर्ति 31 दिसंबर तक जारी रखने का ऐलान किया.

साथ ही अकाल राहत कार्यों के लिए दोनों जिलों के कलेक्टरों को एक-एक करोड़ रुपए तक की स्वीकृति जारी करने का अधिकार देने की घोषणा की. मुख्यमंत्री ने पशुधन के लिए चारा डिपो खोलने की भी घोषणा की. उन्होंने कहा कि अकाल की स्थिति में आमजन और पशुपालकों को राहत देने के लिए सरकार आवश्यक कदम उठा रही है.

कांग्रेस पर निशाना, बोले- राजस्थान की हालत खराब कर दी

मुख्यमंत्री ने सभा की शुरुआत वीरों की धरती को नमन करते हुए की. इसके बाद उन्होंने कांग्रेस की पिछली सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उसके शासन में राजस्थान की हालत टूटे-फूटे मकान जैसी कर दी गई थी. उन्होंने कांग्रेस नेताओं पर स्वार्थ की राजनीति करने का आरोप लगाया. पेपर लीक के मुद्दे पर भी मुख्यमंत्री ने पिछली कांग्रेस सरकार को घेरा. उन्होंने कहा कि उस समय प्रदेश के युवा परेशान थे और लगातार पेपर लीक के मामले सामने आते थे. मुख्यमंत्री ने सभा में मौजूद लोगों से पूछा कि अब पेपर लीक होता है क्या? इस पर मौजूद लोगों ने नहीं में जवाब दिया.

बोले- राजस्थान अब बिजली लेने वाला नहीं, देने वाला प्रदेश

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश के हर गांव तक पक्की सड़क पहुंचाना है. उन्होंने कहा कि राजस्थान अब बिजली लेने वाला नहीं, बल्कि बिजली देने वाला प्रदेश बन चुका है. उन्होंने कहा कि प्रदेश की कोई भी पंचायत ऐसी नहीं होगी, जहां खेल मैदान न हो. ग्रामीण क्षेत्रों में अटल ज्ञान केंद्र स्थापित किए जाएंगे. इन केंद्रों के माध्यम से गांवों में शिक्षा और ज्ञान से जुड़ी सुविधाओं को मजबूत किया जाएगा.

2824 करोड़ के 1013 विकास कार्यों का शिलान्यास-लोकार्पण

बाछड़ाऊ पहुंचने पर जिला कलेक्टर चिन्मयी गोपाल और पुलिस अधीक्षक चुनाराम जाट ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया. इस दौरान पारंपरिक गैर नृत्य की प्रस्तुति भी दी गई. मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान 2824 करोड़ रुपए की लागत वाले 1013 विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण किया. इसके अलावा जोधपुर संभाग के आठ जिलों में करीब 2700 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की सौगात देने का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-