जबलपुर के रांझी में चाय की दुकान पर फेंका गया बम, मची अफरा-तफरी!

जबलपुर के रांझी में चाय की दुकान पर फेंका गया बम, मची अफरा-तफरी!

प्रेषित समय :18:28:50 PM / Wed, Sep 30th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. एमपी के जबलपुर स्थित रांझी क्षेत्र में एक सनसनीखेज और दहला देने वाली घटना हुई है. यहां पर बदमाशों ने आतंक फैलाने के लिए अब आम दुकानों को भी निशाना बनाना शुरू कर दिया है. पुलिस ट्रेनिंग सेंटर के ठीक सामने एक चाय-नाश्ते की दुकान पर आधी रात को हुए जोरदार धमाके से पूरा इलाका थर्रा उठा!

घटना रांझी थाना क्षेत्र की है, जहां पुलिस ट्रेनिंग सेंटर के सामने दुकान नंबर 113 पर विभाष गुप्ता अपने भाई सुभाष गुप्ता के साथ चाय-नाश्ते की दुकान चलाते हैं. देर रात एक बजे के लगभग बदमशों ने बमों से दनादन हमला शुरु कर दिया. बम के धमाके की आवाज सुनकर दोनों भाई सिहरते हुए मौके पर पहुंचे, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई. अज्ञात बदमाशों ने दहशत फैलाने की खौफनाक साजिश के तहत दुकान के शटर पर बम से हमला किया था.

गनीमत यह रही कि इस भयानक घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, वरना एक बड़ा हादसा हो सकता था. लेकिन, डर और सनसनी का असली मंजर तब सामने आया जब पुलिस जांच में मौके से फटे हुए बम के अवशेषों के साथ दो जिंदा 'सूअरमार' बम भी बरामद हुए! इतने खतरनाक विस्फटकों का इस तरह खुलेआम इस्तेमाल होना इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बड़ा सवालिया निशान खड़ा करता है. घटना के बाद से स्थानीय लोगों और व्यापारियों में भारी दहशत का माहौल है. डर के मारे पीडि़त उस वक्त थाने नहीं जा सके, लेकिन सुबह होते ही वे पड़ोसियों राजेश पटेल और सुरेश बेन के साथ रांझी थाने पहुंचे और मामला दर्ज कराया. पुलिस अब  बदमाशों की तलाश के लिए आसपास के तमाम सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है. 
 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-