जबलपुर रेल मंडल में चला सघन टिकट जांच अभियान, 78 यात्रियों से 67 हजार का जुर्माना वसूला

जबलपुर रेल मंडल में चला सघन टिकट जांच अभियान, 78 यात्रियों से 67 हजार का जुर्माना वसूला

प्रेषित समय :16:15:17 PM / Wed, Sep 30th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. यात्रियों को बेहतर, सुगम एवं व्यवस्थित रेल यात्रा उपलब्ध कराने तथा उचित टिकट के साथ यात्रा करने के प्रति यात्रियों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जबलपुर रेल मंडल द्वारा जबलपुर-कटनी रेलखंड पर सघन टिकट जांच अभियान चलाया गया.

सहायक वाणिज्य प्रबंधक धर्मेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में चल टिकट निरीक्षकों एवं आरपीएफ स्टाफ के सहयोग से संचालित इस अभियान के दौरान 78 से अधिक यात्रियों को अनुचित टिकट के साथ यात्रा करते हुए पाया गया, जिनसे रेलवे द्वारा नियमानुसार 66,800 रुपये का राजस्व अर्जित किया गया.

अभियान के दौरान ट्रेन संख्या 13202 का ऑनबोर्ड निरीक्षण भी किया गया. निरीक्षण के दौरान यात्रियों को बेहतर एवं स्वच्छ यात्रा वातावरण उपलब्ध कराने के लिए कोचों में साफ-सफाई व्यवस्था की समीक्षा की गई तथा संबंधित ठेकेदार को आवश्यक सुधारात्मक निर्देश दिए गए.

पेंट्री कार के निरीक्षण के दौरान अनुपयोगी सामग्री एवं उत्पादों को हटवाया गया. साथ ही खाद्य सामग्री तैयार करने एवं यात्रियों को परोसते समय स्वच्छता एवं सावधानी के निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए. इसके साथ ही ट्रेन में एक अवैध वेंडर भी पकड़ा गया जिसके विरुद्ध कार्यवाही की गई. टिकट जांच अभियान के दौरान रेलकर्मियों ने यात्रियों से संवाद कर रेल सेवाओं एवं यात्री सुविधाओं के संबंध में फीडबैक भी प्राप्त किया, ताकि प्राप्त सुझावों के आधार पर यात्री सुविधाओं को और बेहतर बनाया जा सके.

इसके अतिरिक्त झुकेही एवं ननवारा गुड्स शेड में मूलभूत सुविधाओं, वाणिज्य गतिविधियों रेल राजस्व से संबंधित रिकॉर्ड का अनुरक्षण तथा संरक्षा संबंधित निर्देशों के अनुपालन के संबंध में भी निरीक्षण किया गया तथा माल परिवहन से संबंधित व्यवस्थाओं एवं उपलब्ध सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया गया. जबलपुर रेल मंडल द्वारा यात्रियों से अपील की गई है कि वे हमेशा उचित एवं वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें और सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित रेल यात्रा में रेलवे का सहयोग करें.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-