जबलपुर. पितृपक्ष के दौरान परिवार के साथ समय बिताने पहुंचे राकेश पटेल की मंगलवार तड़के हादसे में मौत हो गई. रामपुर छापर निवासी राकेश घर में सीढ़ियों से नीचे गिर गए. परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया. सूचना मिलने पर गोरखपुर थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
सुबह के वक्त हुई घटना
पुलिस के अनुसार हादसा मंगलवार तड़के हुआ. प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि राकेश टॉयलेट जाने के लिए उठे थे. इसी दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वे सीढ़ियों से नीचे जा गिरे. गिरने से शरीर में गंभीर चोटें आईं.
परिजनों को घटना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने राकेश को तत्काल संभाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया. वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
सीढ़ियों के नीचे मिला था शव
पुलिस के मुताबिक राकेश का शव सीढ़ियों के नीचे पड़ा मिला था. शरीर पर गिरने के कारण चोट के निशान पाए गए हैं. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके से संबंधित जानकारी जुटाई और परिजनों से पूछताछ की.
प्रथम दृष्टया मामला सीढ़ियों से गिरने के कारण हुई दुर्घटना का माना जा रहा है. हालांकि पुलिस ने मौत की वास्तविक परिस्थितियों की पुष्टि के लिए जांच शुरू कर दी है.
स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी थीं
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि राकेश शराब का सेवन करते थे. इसके अलावा उन्हें हार्ट और शुगर से संबंधित बीमारी होने की जानकारी भी परिजनों ने दी है. पुलिस इन स्वास्थ्य परिस्थितियों को भी जांच का हिस्सा बना रही है.
हालांकि इन कारणों का हादसे से सीधा संबंध था या नहीं, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट होगा.
मर्ग कायम कर जांच शुरू
गोरखपुर थाना प्रभारी नितिन कमल के अनुसार मामले में मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया है. पुलिस घटना के समय की परिस्थितियों और परिजनों से मिली जानकारी का मिलान कर रही है.
फिलहाल घटना को हादसा मानकर जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत के कारणों की स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

