जबलपुर के रानी दुर्गावती स्कूल में शिक्षक ने छात्रा को डस्टर फेंककर मारा, हालत गंभीर

जबलपुर के रानी दुर्गावती स्कूल में शिक्षक ने छात्रा को डस्टर फेंककर मारा, हालत गंभीर

प्रेषित समय :16:27:40 PM / Thu, Oct 1st, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. एमपी के जबलपुर में गंगा नगर गढ़ा स्थित पीएम श्री रानी दुर्गावती उच्चतर माध्यमिक शाला से एक बेहद संवेदनशील और गंभीर मामला सामने आया है. यहां सातवीं कक्षा में पढऩे वाली एक छात्रा को शिक्षक द्वारा कथित तौर पर डस्टर फेंककर मारे जाने के बाद उसकी हालत नाजुक बनी हुई है. इस घटना से गुस्साए परिजनों ने संजीवनीनगर थाने में शिक्षक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है.

बताया गया है कि शिक्षक आशीष जैन ने कक्षा के दौरान सातवीं की छात्रा के सिर पर डस्टर फेंककर मारा, जिससे वह मौके पर ही अर्धबेहोश हो गई और उसके सिर से खून बहने लगा. छात्रा के सिर से खून देख अन्य छात्राओं में चीख पुकार मच गई, इस बीच शिक्षक ने अपने रूमाल से छात्रा का खून रोकने की कोशिश की. छात्रा ने जब दर्द के कारण घर जाने की इच्छा जताई, तो शिक्षक ने उसे क्लासरूम से बाहर जाने नहीं दिया.

जब छात्रा की हालत लगातार बिगडऩे लगी, तो क्लास की अन्य छात्राओं ने बाहर आकर दूसरे शिक्षकों को इस घटना की जानकारी दी. स्कूल स्टाफ ने तुरंत छात्रा के पालकों को फोन कर घटना की सूचना दी, जिसके बाद परिजन स्कूल पहुंचे और उसे तुरंत अस्पताल लेकर गए. डॉक्टरों ने छात्रा की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसका तुरंत एमआरआई कराया और उसे अस्पताल में भर्ती कर लिया, जहां उसका इलाज जारी है. इस मामले में पुलिस ने की शिकायत पर संजीवनीनगर थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर रही है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-