एमपी में दर्दनाक हादसा: ट्राला ने बाइक को 50 मीटर घसीटा, पति-पत्नी और 14 साल की बेटी की मौत

एमपी में दर्दनाक हादसा: ट्राला ने बाइक को 50 मीटर घसीटा, पति-पत्नी और 14 साल की बेटी की मौत

प्रेषित समय :15:18:43 PM / Sat, Oct 3rd, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

भोपाल. मध्य प्रदेश के बदनावर में लेबड़-नयागांव फोरलेन पर शनिवार सुबह भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई. बड़ी चौपाटी से कुछ दूरी पर पिटगारा तिराहे के पास सुबह करीब 7 बजे तेज रफ्तार ट्राला ने बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्राला बाइक को करीब 50 मीटर तक घसीटता ले गया. इसके बाद बाइक अलग हो गई और चालक ट्राला लेकर मौके से फरार हो गया.

हादसे में बाइक सवार राहुल पिता निर्भय सिंह भाटी (35), उनकी पत्नी पूजा (30) और 14 वर्षीय बेटी सुमन की मौके पर ही मौत हो गई. उनकी 12 वर्षीय दूसरी बेटी शिवानी गंभीर रूप से घायल हुई है. उसे बदनावर के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर रतलाम रेफर कर दिया गया.

बताया गया कि राहुल अपनी पत्नी और दोनों बेटियों के साथ बाइक से ग्राम धमाना में लहसुन की बोवनी करने जा रहा था. इसी दौरान पिटगारा तिराहे के पास पीछे से आए तेज रफ्तार ट्राला ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी. हादसे में परिवार के तीन सदस्यों की मौके पर ही जान चली गई.

दुर्घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंच गए. तीन लोगों की मौत और एक बच्ची के गंभीर घायल होने से लोगों में आक्रोश फैल गया. ग्रामीणों ने पिटगारा तिराहे पर चक्काजाम कर दिया. उनकी मांग थी कि तिराहे पर स्पीड ब्रेकर बनाया जाए और मृतकों के परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए.

सूचना मिलने पर एसडीएम प्रियंका मिमरोट, एसडीओपी अरविंदसिंह तोमर, टीआई अमितसिंह कुशवाह और तहसीलदार सुरेश नागर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने लोगों को समझाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े रहे. सुबह करीब 10 बजे तक चक्काजाम जारी रहा.

चक्काजाम के कारण लेबड़-नयागांव फोरलेन पर यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ. सड़क के दोनों ओर सात किलोमीटर से अधिक लंबी वाहनों की कतार लग गई. यात्री बसों, ट्रकों और अन्य वाहनों को भी जाम में फंसना पड़ा. पुलिस यातायात बहाल कराने के प्रयास में जुटी रही. हादसा इतना भीषण था कि तीनों मृतकों के शव कुचलने से क्षत-विक्षत हो गए. दुर्घटना में बाइक क्रमांक एमपी 43 ईएफ 2220 भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया और मामले की जांच शुरू कर दी है. फरार ट्राला और उसके चालक की तलाश की जा रही है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-