मुंबई. रियलिटी शो राइज एंड फॉल सीजन 2 इन दिनों अपने कंटेस्टेंट्स और लगातार बदलते समीकरणों की वजह से सुर्खियों में है. शो के आगामी एपिसोड का एक प्रोमो सामने आया है, जिसमें तेज प्रताप यादव को लेकर घर के अंदर एक दिलचस्प टास्क देखने को मिलता है. इस दौरान सारा गुरपाल अपने खास अंदाज से तेज प्रताप का ध्यान खींचने की कोशिश करती नजर आती हैं.
प्रोमो की शुरुआत एक अनाउंसमेंट से होती है. कंटेस्टेंट्स को बताया जाता है कि आज सीजन का पहला 'राइज' होने वाला है और इसका फैसला तेज प्रताप यादव करेंगे. इसके बाद माहौल अचानक मनोरंजक हो जाता है.
सारा गुरपाल ने डांस से बढ़ाया माहौल का तापमान
टास्क के दौरान सारा गुरपाल बॉलीवुड गाने पर डांस करती दिखाई देती हैं. डांस के बीच वह तेज प्रताप के बेहद करीब पहुंच जाती हैं और कुछ पलों के लिए उनकी गोद में भी बैठती नजर आती हैं. सारा के इस अंदाज को देखकर तेज प्रताप मुस्कुराते हुए दिखाई देते हैं.
इतना ही नहीं, सारा उन्हें 'क्यूटी' कहकर तारीफ भी करती हैं. उनके इस मजाकिया अंदाज पर घर के बाकी सदस्य भी अपनी प्रतिक्रियाएं देने से खुद को रोक नहीं पाते.
स्वरा भास्कर का रिएक्शन भी रहा चर्चा में
सारा के परफॉर्मेंस के दौरान स्वरा भास्कर का रिएक्शन भी कैमरे में कैद हुआ. वह हंसते हुए अपना चेहरा छिपाती नजर आती हैं. वहीं प्रियंका चाहर चौधरी समेत कई अन्य कंटेस्टेंट्स तालियां बजाते और इस पूरे माहौल का आनंद लेते दिखाई देते हैं.
प्रोमो में सिर्फ सारा ही नहीं, बल्कि अन्य कंटेस्टेंट्स भी तेज प्रताप को प्रभावित करने की कोशिश करते नजर आते हैं. गौतम गुलाटी फिल्मी अंदाज में डायलॉग बोलते हैं, जबकि निहारिका भी डांस के जरिए अपनी दावेदारी पेश करती हैं.
शो में लगातार चर्चा में हैं तेज प्रताप
राइज एंड फॉल 2 में एंट्री के बाद से तेज प्रताप यादव लगातार दर्शकों का ध्यान खींच रहे हैं. शो के शुरुआती दौर में ही उन्हें 'अल्टीमेट रूलर' की भूमिका मिली थी. घर में अपनी स्थिति को लेकर तेज प्रताप ने शुरुआत से ही आत्मविश्वास भरा अंदाज दिखाया है.
शो में प्रवेश के दौरान उन्होंने खुद की तुलना बरगद के पेड़ से करते हुए कहा था कि उसकी शाखाएं भले ही अलग-अलग दिशाओं में फैली हों, लेकिन उसकी जड़ें मजबूत रहती हैं. अब आने वाले एपिसोड में यह देखना दिलचस्प होगा कि तेज प्रताप 'राइज' के इस टास्क में किसे आगे बढ़ने का मौका देते हैं.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

