सड़क किनारे केमिकल उड़ेलकर टैंकर चालक फरार, आंखों में जलन से मची अफरा-तफरी

सड़क किनारे केमिकल उड़ेलकर टैंकर चालक फरार, आंखों में जलन से मची अफरा-तफरी

प्रेषित समय :21:58:17 PM / Sat, Oct 3rd, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

इंदौर. देवास नाका क्षेत्र के लसूड़िया में शनिवार दोपहर सड़क किनारे अज्ञात केमिकल डालकर एक टैंकर के चले जाने से अचानक अफरा-तफरी मच गई. पंचवटी के सामने सड़क पर फैले केमिकल के प्रभाव से राहगीरों, वाहन चालकों और आसपास के दुकानदारों की आंखों में तेज जलन होने लगी. कई लोगों की आंखों से आंसू आने लगे, जबकि दोपहिया वाहन चालकों को जलन के कारण सड़क पर वाहन चलाना मुश्किल हो गया. सूचना मिलते ही लसूड़िया पुलिस मौके पर पहुंची और एहतियात के तौर पर मार्ग पर यातायात रोककर फायर ब्रिगेड की मदद से सड़क पर पानी का छिड़काव कराया.

पीले रंग का टैंकर आया और केमिकल डालकर चला गया
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोपहर करीब साढ़े 12 से एक बजे के बीच पीले रंग का एक ट्रैक्टर-टैंकर पंचवटी के सामने सड़क किनारे रुका था. बताया जा रहा है कि टैंकर चालक ने सड़क किनारे किसी अज्ञात केमिकल को खाली किया और वहां से रवाना हो गया. कुछ ही देर बाद आसपास मौजूद लोगों को आंखों में तेज जलन महसूस होने लगी.

जलन बढ़ने के साथ लोगों को समझ आया कि सड़क किनारे डाले गए पदार्थ का असर हवा में फैल रहा है. राहगीर और दुकानदार मौके से दूर जाने लगे. कई लोगों ने अपनी आंखों पर पानी डाला और सुरक्षित स्थान की ओर चले गए.

आंखों में जलन बढ़ी तो रोका गया यातायात
स्थिति बिगड़ने की सूचना मिलने पर लसूड़िया पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने एहतियात के तौर पर एबी रोड पर दोनों तरफ का यातायात कुछ समय के लिए रोक दिया. देवास नाका और मांगलिया की ओर से आने वाले वाहनों को दूसरे मार्ग से निकाला गया.

इसके बाद फायर ब्रिगेड को मौके पर बुलाया गया. फायर ब्रिगेड के वाहन से सड़क और आसपास के हिस्से पर बड़ी मात्रा में पानी डाला गया, जिससे केमिकल का प्रभाव कुछ कम हुआ. हालांकि पानी डालने के बाद भी आसपास के लोगों को कई घंटे तक आंखों में जलन की शिकायत बनी रही.

दोपहिया वाहन चालक सबसे ज्यादा परेशान
स्थानीय लोगों के मुताबिक अचानक आंखों में जलन शुरू होने से कई दोपहिया वाहन चालक घबरा गए. कुछ लोगों ने सड़क किनारे वाहन खड़े कर दिए. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जलन इतनी तेज थी कि कुछ समय के लिए वहां खड़ा रहना भी मुश्किल हो गया था.

मैकेनिक का काम करने वाले हरवीर सिंह के मुताबिक दोपहर में अचानक आंखों में तेज जलन शुरू हुई. बाहर निकलने पर सड़क पर फैले केमिकल का असर महसूस हुआ. इसी तरह अजीत पाल ने बताया कि आंखों से लगातार पानी आने लगा और लोग मौके से हटने लगे.

टैंकर की तलाश में जुटी पुलिस
घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यह है कि सड़क किनारे किस प्रकार का केमिकल डाला गया और उसे वहां खाली करने की अनुमति किसने दी. पुलिस टैंकर और उसके चालक की जानकारी जुटाने में लगी है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टैंकर का नल खोलकर केमिकल खाली किया गया था. अफरा-तफरी मचने के बाद टैंकर चालक कुछ समय के लिए वापस आया और फिर वाहन लेकर वहां से निकल गया.

केमिकल की पहचान का इंतजार
लसूड़िया थाना प्रभारी राजकुमार यादव के अनुसार मौके पर डाले गए पदार्थ की जांच कर यह पता लगाया जा रहा है कि वह किस प्रकार का केमिकल था और उसे सड़क किनारे क्यों खाली किया गया. पुलिस टैंकर और चालक की पहचान के प्रयास कर रही है. फिलहाल घटना में किसी बड़े जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन केमिकल के खुले में डाले जाने से सड़क पर गुजर रहे लोगों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-