जबलपुर. एमपी के कई जिलों में आतंक का पर्याय बने शातिर बदमाश जित्तू उर्फ जितेंद्र पटेल को जबलपुर की तिलवारा पुलिस ने फिल्मी अंदाज में घेराबंदी कर दबोच लिया है. पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र के अपराधियों में हड़कंप मच गया है. आरोपी पर एसपी की ओर से 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था.
यह पूरा मामला 11 जनवरी 2026 की रात का है. भेड़ाघाट के ग्राम भड़पुरा निवासी 30 वर्षीय नीलेश सिंह लोधी (जो खेती-किसानी और प्रापर्टी का काम करते हैं) विशाल मेगामार्ट के पास एक कैफे के सामने खड़े थे. तभी वहां शातिर बदमाश जित्तू पटेल आ धमका. जित्तू ने नीलेश को धमकाते हुए कहा, तू आजकल बहुत गुंडा बन रहा है और प्रापर्टी का काम कर रहा है? मैंने तुझे पहले भी मना किया था, प्रापर्टी का काम सिर्फ मैं करूंगा." इसके बाद जित्तू ने जान से मारने की नीयत से नीलेश पर चाकू से हमला कर दिया.
नीलेश बचाव में जैसे ही बैठे, चाकू उनके बाएं पैर के घुटने पर लगा, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए. इस घटना पर तिलवारा थाने में अपराध क्रमांक 16/26, धारा 109 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी थी. गिरफ्तारी न होने पर पुलिस अधीक्षक द्वारा आरोपी पर 5,000 रुपए का इनाम घोषित किया गया था. पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी. शनिवार को पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि इनामी बदमाश जित्तू गढ़ा रेलवे स्टेशन के पास घूम रहा है. बिना देर किए तिलवारा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और चारों तरफ से घेराबंदी कर आरोपी को धर दबोचा.
कई जिलों में दर्ज हैं आपराधिक मामले-
पकड़ा गया आरोपी जित्तू उर्फ जितेंद्र पटेल 30 वर्ष निवासी रेवा कॉलोनी, चौकीताल, भेड़ाघाट का रहने वाला है. तलाशी के दौरान उसके पास से एक धारदार बटनदार चाकू बरामद हुआ. पूछताछ में उसने नीलेश सिंह लोधी पर हमले की बात स्वीकार कर ली है. पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार करते हुए प्रकरण में धारा 25 आर्म्स एक्ट की वृद्धि कर दी है. पुलिस ने उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है. जित्तू एक शातिर अपराधी है जिसके खिलाफ जबलपुर के अलावा मध्य प्रदेश के मैहर, सिवनी और नरसिंहपुर जिलों में भी कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

