जबलपुर में अवैध कारोबारियों पर पुलिस ने कसा शिकंजा, रांझी-मझौली क्षेत्र में पकड़ी गई शराब

जबलपुर में अवैध कारोबारियों पर पुलिस ने कसा शिकंजा, रांझी-मझौली क्षेत्र में पकड़ी गई शराब

प्रेषित समय :17:45:53 PM / Sat, Oct 3rd, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. एमपी के जबलपुर में मझौली व रांझी की पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए दो अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध देशी शराब जप्त करते हुए आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है.

दो बोरियों से 346 पाव शराब बरामद-

मझौली पुलिस ने पोला रोड स्थित मिंटू साहू के घर के आंगन में दबिश दी गई. हालांकि, कार्रवाई के दौरान आरोपी मिंटू साहू अपने घर पर नहीं मिला. पुलिस ने जब उसके घर के आंगन की तलाशी ली, तो वहां रखी दो बोरियों से कुल 346 पाव देशी शराब बरामद हुई. जप्त की गई इस शराब की कुल कीमत लगभग 27,088 रुपये आंकी गई है. पुलिस ने शराब को जप्त करते हुए फरार आरोपी मिंटू साहू के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध कर लिया है और उसकी तलाश जारी है.

रांझी थाना क्षेत्र में 150 पाव शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार

वहीं दूसरी कार्रवाई थाना रांझी क्षेत्र में हुई. थाना प्रभारी श्री उमेश गोल्हानी ने बताया कि 2 अक्टूबर 2026 को एक विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि पुरानी शराब दुकान के पास स्थित मैदान, मोहनिया में एक 55-60 वर्ष का व्यक्ति अधिक मात्रा में अवैध शराब बेचने के उद्देश्य से खड़ा है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी. पुलिस को देखकर वहां खड़ा व्यक्ति भागने लगा, जिसे बल द्वारा घेराबंदी कर पकड़ लिया गया. पकड़े गए व्यक्ति ने पूछताछ में अपना नाम रामगोपाल प्रसाद उर्फ बल्ली पटेल (उम्र 60 वर्ष), निवासी नई बस्ती, रांझी बताया. उसके कब्जे से 3 पेटियों में कुल 150 पाव देशी शराब जप्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 14,600 रुपये है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 34(1) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया है. 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-