जबलपुर के खितौला में मूक-बधिर महिला की हाथ-पैर बांधकर हत्या, लूटपाट के इरादे से की गई वारदात

जबलपुर के खितौला में मूक-बधिर महिला की हाथ-पैर बांधकर हत्या, लूटपाट के इरादे से की गई वारदात

प्रेषित समय :18:46:51 PM / Sat, Oct 3rd, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. एमपी के जबलपुर में खितौला स्थित ग्राम दरौलीकला में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है. दिनदहाड़े घर में अकेली एक 55 वर्षीय मूक-बधिर महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई. आरोपियों ने न केवल लूटपाट की, बल्कि विरोध करने पर महिला की सांसें हमेशा के लिए थाम दीं. इस जघन्य हत्याकांड के बाद से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, संजय राठौर मजदूरी का काम करता है. घटना वाले दिन 2 अक्टूबर 2026 को वह गांव में ही एक अन्य व्यक्ति के यहां काम पर गया था, जबकि उसके पिता भी बाहर काम के सिलसिले में गए थे. घर पर उसकी मां, 55 वर्षीय लक्ष्मी बाई अकेली थीं, जो जन्म से ही मूक-बधिर थीं. सुबह करीब 11.30 बजे जब संजय किसी काम से घर आया, तो उसने अपनी मां को अंदरूनी परछी में दीवार से टिककर बैठे देखा था. कुछ देर रुकने के बाद वह वापस काम पर लौट गया. लेकिन किसे पता था कि यह कुछ पल की मुलाकात उसकी मां से आखिरी होगी.

दोपहर करीब 1:30 बजे मोहल्ले के रहने वाले संदीप बर्मन ने संजय के पास आकर एक खौफनाक सच बयां किया. उसने बताया कि उसने संजय के घर से 20-25 साल की उम्र के दो अज्ञात लड़कों को भागते हुए देखा है, जिन्हें देखकर ऐसा प्रतीत हो रहा था कि वे चोरी करके भाग रहे हैं. यह सुनकर संजय के पैरों तले जमीन खिसक गई. वह तुरंत दौड़ते हुए घर पहुंचा और अंदर के कमरे का मंजर देखकर सन्न रह गया. उसकी मां लक्ष्मी बाई गद्दे पर चित्त अवस्था में मृत पड़ी थीं. उनके शरीर के कपड़े अस्त-व्यस्त थे, दोनों पैर रस्सी से और हाथ कपड़े से कसकर बांधे गए थे, तथा मुंह में पीला गमछा ठूंसा हुआ था. महिला की कनपटी और गाल पर गंभीर चोट के निशान साफ बता रहे थे कि उन्होंने जान बचाने के लिए कितना संघर्ष किया होगा.

गहने गायब, प्रत्यक्षदर्शी ने देखे संदिग्ध

परिजनों ने तुरंत आनन-फानन में महिला को ऑटो से शासकीय अस्पताल सिहोरा पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. जांच में सामने आया कि मृतका के गले से सोने का छह गुरिये और एक लॉकेट वाला मंगलसूत्र गायब था, और घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था. मोहल्ले की ही एक अन्य निवासी ज्योति बर्मन ने भी उन दोनों संदिग्ध युवकों को घर से बाहर भागते हुए देखा था. पुलिस ने इस रोंगटे खड़े कर देने वाले मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या और लूट का मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस की टीमें संदिग्धों की तलाश में जुटी हैं, लेकिन इस दुस्साहसिक वारदात ने हर किसी को अंदर तक झकझोर कर रख दिया है.
 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-