जबलपुर. पश्चिम मध्य रेलवे में पदस्थ इंडियन इंजीनियरिंग सर्विस (आईआरइएस) की 31 वर्षीय महिला अफसर को मैसेज भेजकर बातचीत शुरू करने के बाद परेशान करने का मामला सामने आया है. आरोपितों ने उनके कार्यालय में चोरी से वीडियो बनाया.
इसके बाद एक युवती और युवक कई बार उनकी सोसायटी पहुंचे और अंदर जाने से रोकने पर गार्ड से मारपीट की. इतना ही नहीं, महिला अफसर के पिता को वीडियो भेजकर उन्हें अगवा करने की धमकी देने और अभद्रता करने का भी आरोप है. परेशान महिला अफसर शनिवार को गोरखपुर थाने पहुंचीं. पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
टेंडर के बहाने भेजा था वाट्सएप मैसेज
गोरखपुर पुलिस के अनुसार महिला अफसर पश्चिम मध्य रेलवे में पदस्थ हैं. 22 अप्रैल को उनके सरकारी नंबर पर वाट्सएप मैसेज आया. मैसेज करने वाले ने टेंडर के संबंध में बातचीत करने की बात कही. महिला अफसर ने कार्यालयीन समय में बात करने की बात कहकर बातचीत समाप्त कर दी. 18 सितंबर को एक युवती लगेज से संबंधित जानकारी लेने महिला अफसर के कार्यालय पहुंची.
भृत्य के माध्यम से संबंधित विभाग भेज दिया
महिला अफसर ने भृत्य के माध्यम से उसे संबंधित विभाग भेज दिया. इसके बाद 21 सितंबर को वही युवती दोबारा उनके कार्यालय पहुंची और अपने साथ फल लेकर आई. महिला अफसर ने फल लेने से मना कर दिया. इसी दौरान युवती ने कथित तौर पर चोरी से महिला अफसर का वीडियो बना लिया.
सोसायटी में पहुंचकर गार्ड से मारपीट
इसके बाद युवती के साथ एक युवक भी महिला अफसर की सोसायटी में आने लगा. दोनों कई बार उनसे मिलने का प्रयास करते रहे. करीब चार-पांच दिन तक यह सिलसिला चलता रहा. सोसायटी के पदाधिकारियों ने इसकी जानकारी महिला अफसर को दी. लोगों से टेंडर के संबंध में महिला अफसर से बातचीत करने की बात कहते थे. गार्ड ने उन्हें अंदर जाने से रोका तो दोनों ने उसके साथ मारपीट की.
पिता को वीडियो भेजकर अपहरण की धमकी
पुलिस के अनुसार आरोपितों ने महिला अफसर के जयपुर निवासी पिता को वही वीडियो भेजा, जिसे युवती ने कार्यालय में बनाया था. इसके बाद पिता को फोन कर महिला अफसर को अगवा करने की धमकी दी गई और उनके साथ अभद्रता की गई. पिता ने इसकी जानकारी महिला अफसर को दी.
एफआइआर दर्ज कर जांच शुरू
महिला अफसर को आशंका हुई कि अप्रैल में उनके सरकारी नंबर पर आया टेंडर संबंधी मैसेज और बाद में कार्यालय व सोसायटी में पहुंचने वाली युवती और युवक के बीच संबंध हो सकता है. शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ एफआइआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

