नई दिल्ली/लखनऊ. उत्तर प्रदेश में राज्यसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपने 8 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया है. पार्टी की सूची में धर्मपाल सिंह, राधाकांत ओझा, प्रकाश पाल, विद्यासागर सोनकर, गोपी कृष्ण पांडेय, प्रियंका सिंह रावत, राम प्रताप सिंह चौहान और श्रुति गंगवार को उम्मीदवार बनाया गया है.
खास बात यह है कि बीजेपी ने इस बार पुराने चेहरों की जगह नए चेहरों पर भरोसा जताया है. बीजेपी की ओर से घोषित 8 उम्मीदवारों में सामाजिक समीकरण का भी खास ध्यान रखा गया है. सूची में 3 ओबीसी, 2 एससी और 3 सामान्य वर्ग के उम्मीदवार शामिल हैं. वहीं, 2 महिलाओं को भी टिकट दिया गया है.
किस बिरादरी के कितने उम्मीदवार?
ओबीसी वर्ग में एक-एक लोधी, पाल और कुर्मी उम्मीदवार को जगह मिली है. धर्मपाल सिंह लोधी बिरादरी से आते हैं और उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार में कैबिनेट मंत्री हैं. प्रकाश पाल बीजेपी संगठन में क्षेत्रीय मंत्री हैं और पाल बिरादरी से आते हैं. पार्टी के सामाजिक समीकरण में पाल समुदाय को गडेरिया बिरादरी से जोड़ा जाता है. सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों में ब्राह्मण और राजपूत चेहरे भी शामिल हैं. पार्टी की इस सूची को उत्तर प्रदेश में जातीय और सामाजिक संतुलन साधने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है.
विद्यासागर सोनकर को भी मिला मौका
विद्यासागर सोनकर दलित समुदाय से आते हैं और बीजेपी संगठन में लंबे समय तक सक्रिय रहे हैं. वह पूर्व एमएलसी रह चुके हैं और मछलीशहर लोकसभा सीट से सांसद भी रह चुके हैं. इसके अलावा वह पार्टी में महामंत्री जैसे महत्वपूर्ण पद पर भी काम कर चुके हैं. बीजेपी ने उन्हें राज्यसभा चुनाव में उम्मीदवार बनाकर संगठन में उनके लंबे अनुभव को भी महत्व दिया है.
हरदीप पुरी और बीएल वर्मा का नाम नहीं
राज्यसभा उम्मीदवारों की नई सूची में केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी और केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा का नाम नहीं है. इसके अलावा पार्टी के कई मौजूदा या पूर्व राज्यसभा चेहरों को भी इस बार टिकट नहीं दिया गया है.
सूची में अरुण सिंह, सीमा द्विवेदी, बीएल वर्मा, हरदीप सिंह पुरी, नीरज शेखर, बृजलाल, दिनेश शर्मा और गीता शाक्य जैसे पुराने नाम भी शामिल नहीं हैं. दिनेश शर्मा फिलहाल अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के उपराज्यपाल हैं. ऐसे में बीजेपी की नई सूची में पुराने चेहरों को हटाकर नए नेताओं को मौका दिए जाने को पार्टी की रणनीतिक बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

