एमपी: यूथ कॉन्क्लेव में मोहन यादव का बड़ा ऐलान, अगले साल से दो बार होगी पीएससी का एक्जाम

एमपी: यूथ कॉन्क्लेव में मोहन यादव का बड़ा ऐलान, अगले साल से दो बार होगी पीएससी का एक्जाम

प्रेषित समय :16:53:28 PM / Tue, Oct 6th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

भोपाल. मध्य प्रदेश के सभी सरकारी कॉलेजों में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारियों के लिए मुफ्त में कोचिंग क्लॉस की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी. भोपाल के लाल परेड मैदान में हुए यूथ कॉन्क्लेव में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इसका ऐलान किया है. सीएम ने कहा कि कॉलेजों में ही बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाएगी. इसके लिए सभी जिलों में यह सुविधा मिलेगी.

सरकारी योजनाओं को लेकर मांगे उनके सुझाव

मुख्यमंत्री ने प्रदेश में अगले साल से वर्ष मे 2 बार पीएससी की परीक्षा कराने और प्रदेश स्तरीय एक परीक्षा कराने का भी ऐलान किया है. इसके जरिए तमाम विभागों में खाली पड़े पदों को भरा जाएगा. कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने युवाओं से सरकारी योजनाओं को लेकर उनके सुझाव मांगे हैं और कहा है कि उनके सुझावों के आधार पर योजनाओं में बदलाव किया जाएगा. राजधानी भोपाल के लाल परेड मैदान पर हुए कार्यक्रम की शुरुआत प्रसिद्ध गायक जुबिन नौटियाल की प्रस्तुति से हुई. गायक के गानों पर युवा खूब झूमे. इसके बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने युवाओं से चर्चा की. युवाओं से चर्चा के लिए कार्यक्रम में रैंप बनाया गया था. रैंप पर घूमकर मुख्यमंत्री ने युवाओं से चर्चा की. कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कई ऐलान किए.

उच्च शिक्षा विभाग के माध्यम से कॉलेज स्टूडेंट्स को मिलने वाली रिसर्च राशि को 16 हजार से बढ़ाकर 25 हजार रुपये प्रति माह किया जाएगा. प्रदेश के सभी सरकार कॉलेजों में अत्याधुनिक एआई और एडवांस कम्प्यूटिंग लैब की स्थापना की जाएगी. इनोवेशन को बढावा देने के लिए प्रदेश में इनोवेशन फंड स्थापित किया जाएगा. यह आइडिया फंड 5 करोड़ रुपए का होगा. इसके तहत अच्छे स्टार्टअप के आइडिया, स्टार्टअप को स्थापित करने के लिए युवाओं को प्रोत्साहित किया जाएगा.

गांव की बेटी और प्रतिभा किरण योजना का लाभ पीजी छात्राओं को भी दिया जाएगा.  युवाओं के प्लेसमेंट के लिए एजेंसी तय कर युवाओं को नौकरी दिलाने का काम करेंगे. राष्ट्रीय सेवा योजना की 500 नई इकाइयां बनाई जाएंगी. शोध सहायता में 1 करोड़ का फंड विश्वविद्यालय निधि से स्थापित किया जाएगा. प्रदेश में 1 लाख युवाओं को कौशल उन्नयन से जोड़ेंगे. प्रदेश में अब साल में दो बार पीएससी की परीक्षा होगी. प्रदेश में पहली बार राज्य स्तरीय परीक्षा होगी, इसके जरिए विभागों के खाली पदों को भरा जाएगा. देश में इस तरह की यह पहली परीक्षा होगी.

मुख्यमंत्री ने कहा, युवा दें अपने सुझाव

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने युवाओं से प्रदेश में संचालित योजनाओं को और बेहतर बनाने के लिए सुझाव देने का आग्रह किया है. सीएम ने कहा कि उनके सुझाव के आधार पर योजनाओं को और बेहतर बनाया जाएगा. कार्यक्रम में सीएम ने कई स्टूडेंट्स के सवालों के जवाब भी दिए. निजी कॉलेज की छात्रा ने पूछा कि सरकार युवाओं को कृषि से जुड़े उद्योग, ऑर्गेनिक फार्मिंग, लार्ज स्केल फॉर्मिंग के क्षेत्र में बढ़ावा देने के लिए विचार कर रही है और निजी स्तर पर क्या काम हो रहा है? सीएम ने कहा कि सरकार कृषि से जुड़े तमाम क्षेत्रों में काम कर रही है. आने वाले समय में फूड प्रोसेसिंग से लेकर खेत तक वैल्यू चेन बनाते हुए सरकार काम कर रही है. प्रदेश में मशरूम से लेकर ड्रैगन फ्रूट तक का उत्पादन हो रहा है. सरकार अगले साल से कांट्रैक्ट फॉर्मिंग करने जा रही है.

भोपाल में बन रही नॉलेज सिटी, एआई सिटी, साइंस सिटी

एक अन्य छात्रा ने पूछा कि बदलते दौर में तकनीक के साथ स्टार्टअप में कई बदलाव हो रहे हैं. सरकार एआई और स्टार्टअप में क्या नई नीति ला रही है? मुख्यमंत्री ने जवाब दिया कि सरकार नवाचार को लगातार बढ़ावा दे रही है. भोपाल में नॉलेज सिटी, एआई सिटी, साइंस सिटी बन रही है. सेमीकंडक्टर से लेकर तमाम नए आइडिया पर काम कर रही है. स्टार्टअप पर सरकार 5 लाख तक की मदद कर रही है. आईटी पार्क इंदौर, रीवा के अलावा ग्वालियर में देश का सबसे बड़ा टेलीकॉम हब बनाने जा रहा है.
 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-