बिलासपुर. सरकंडा थाना क्षेत्र के जबड़ापारा में एक महिला के साथ भरोसे और भावनात्मक रिश्ते का फायदा उठाकर ठगी किए जाने का मामला सामने आया है. आरोप है कि एक युवक ने महिला के सामने खुद को बेसहारा बताते हुए उसे मां जैसा सम्मान देने और बेटे की तरह साथ रहने की बात कही. विश्वास कायम होने के बाद उसने अपने सोने-चांदी के आभूषण किसी के पास गिरवी रखे होने की कहानी सुनाई और उन्हें छुड़ाने के लिए आर्थिक मदद मांगी.
महिला युवक की बातों पर भरोसा करती चली गई और उसके बताए अलग-अलग बैंक खातों में रकम भेजती रही. करीब 1.30 लाख रुपये देने के बाद जब युवक ने दोबारा 25 हजार रुपये की मांग की, तब महिला को संदेह हुआ. परिजनों से चर्चा करने पर उसे अपने साथ हुई ठगी का पता चला.
अचानक घर पहुंचा था युवक
जानकारी के मुताबिक जबड़ापारा निवासी पूजा पंजवानी के संपर्क में करीब एक सप्ताह पहले एक युवक आया था. बातचीत के दौरान उसने अपनी निजी परेशानियों का जिक्र किया और खुद को अकेला बताया. धीरे-धीरे उसने महिला के साथ भावनात्मक नजदीकी बढ़ाई और उसे मां मानने की बात कही. महिला ने भी उसे बेटे जैसा समझकर उसकी बातों पर विश्वास कर लिया.
इसके बाद युवक ने आर्थिक परेशानी बताते हुए मदद मांगी. उसने कहा कि उसके सोने-चांदी के आभूषण किसी अन्य व्यक्ति के पास गिरवी रखे हैं और उन्हें छुड़ाने के लिए तत्काल पैसों की जरूरत है. महिला उसकी बातों में आ गई और अलग-अलग खातों में रकम भेजने लगी.
बेटों की जमा रकम भी युवक को दे दी
युवक की मांग यहीं नहीं रुकी. वह अलग-अलग कारण बताकर महिला से पैसे मांगता रहा. महिला ने उस पर भरोसा करते हुए अपने दोनों बेटों की जमा पूंजी तक उसे दे दी. इसके बाद भी जब युवक ने 25 हजार रुपये और मांगे तो महिला को उसकी बातों पर शक होने लगा.
महिला ने मामले की जानकारी अपने परिवार को दी. परिजनों से चर्चा के बाद उसे समझ आया कि युवक ने भावनात्मक संबंध बनाकर उससे रकम हासिल की है.
मकान मालिक से उधार लेकर भी भेजे पैसे
ठगी का एक अहम पहलू यह भी सामने आया है कि महिला ने युवक की मदद के लिए अपने मकान मालिक से 30 हजार रुपये उधार लिए थे. युवक के बताए बैंक खाते में यह रकम भी ट्रांसफर कर दी गई. इसके बाद भी महिला से लगातार पैसों की मांग की जा रही थी.
युवक की बढ़ती मांगों के कारण महिला को संदेह हुआ और उसने आगे रकम देने से इनकार करते हुए परिवार को पूरे मामले की जानकारी दी.
बैंक ट्रांजेक्शन से आरोपी तक पहुंचने की कोशिश
शिकायत मिलने के बाद सरकंडा पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस उन बैंक खातों की जानकारी जुटा रही है, जिनमें महिला ने रकम भेजी थी. साथ ही संबंधित मोबाइल नंबर और बैंक लेनदेन की भी जांच की जा रही है.
पुलिस को उम्मीद है कि बैंकिंग रिकॉर्ड और मोबाइल नंबर की तकनीकी जांच के जरिए आरोपी की पहचान हो सकेगी. फिलहाल आरोपी की तलाश और उसकी गिरफ्तारी के लिए जांच आगे बढ़ाई जा रही है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

