जबलपुर में बरगी रोड पर पिकअप में फंसकर घिसटता रहा बाइक सवार, राहगीरों में मची चीख पुकार

जबलपुर में बरगी रोड पर पिकअप में फंसकर घिसटता रहा बाइक सवार, राहगीरों में मची चीख पुकार

प्रेषित समय :17:18:58 PM / Thu, Oct 8th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. एमपी के जबलपुर स्थित बरगी रोड पर अचानक चीख-पुकार और दहशत का माहौल बन गया. बरगी से धूमा की ओर जा रहे विजय यादव नाम के बेकसूर युवक को पीछे से आ रही एक अनियंत्रित पिकअप ने ऐसी जोरदार टक्कर मारी कि देखने वालों की रूह कांप उठी!

टक्कर लगते ही विजय मोटरसाइकिल समेत सड़क पर गिरा और उसकी बाइक का अगला हिस्सा पिकअप के पिछले हिस्से में जा फंसा. इसके बाद जो मंजर दिखा, उसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी. बेकाबू पिकअप चालक ने वाहन रोकने की जगह रफ्तार और बढ़ा दी! घसीटते हुए युवक और बाइक से उठती चिंगारियों और चीखों ने हाईवे पर हड़कंप मचा दिया. सड़क पर तड़पते विजय को देख आसपास से गुजर रहे लोगों में चीख-पुकार मच गई. कई राहगीरों ने हिम्मत दिखाते हुए पिकअप का पीछा शुरू किया और शोर मचाना शुरू कर दिया.

खुद को घिरता देख और भीड़ के गुस्से के खौफ से चालक कुछ दूरी पर वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया. राहगीरों ने तुरंत खून से लथपथ पड़े विजय को बाहर निकाला और मामले की सूचना पुलिस को दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने एम्बुलेंस की मदद से घायल को तुरंत धूमा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया.

हालांकि, सिर और शरीर पर आई गंभीर चोटों व अत्यधिक खून बह जाने के कारण उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है, जिसके चलते प्राथमिक उपचार के बाद उसे जबलपुर के मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया है. फिलहाल, पुलिस ने पिकअप वाहन को जब्त कर लिया है और फरार चालक की सरगर्मी से तलाश कर रही है. बरगी रोड पर हुए इस दिल दहला देने वाले हादसे ने पूरी राह में सनसनी फैला दी है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-