जबलपुर. एमपी के जबलपुर स्थित सिहोरा में एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने मोबाइल यूजर्स के रोंगटे खड़े कर दिए हैं. ग्राम दर्शनी निवासी आनंद साहू उम्र 31 वर्ष के साथ हुई इस घटना ने साबित कर दिया है कि सोशल मीडिया पर रील्स देखना और अनजान ऐप्स डाउनलोड करना कितना भारी पड़ सकता है. आनंद की जिंदगी में यह आफत एक रात के सन्नाटे में आई, जिसने पल भर में उसकी बैंक की गाढ़ी कमाई पर डाका डाल दिया.
पुलिस के अनुसार आनंद साहू बीती रात करीब 1.30 बजे अपने मोबाइल पर इंस्टाग्राम या अन्य प्लेटफॉर्म पर रील्स देख रहा था. इसी दौरान उसने उत्सुकतावश मोबाइल में जिया नामक एक संदिग्ध ऐप इंस्टॉल कर लिया. ऐप इंस्टॉल होते ही उसका फोन अचानक हैक हो गया और उसका नियंत्रण उसके हाथों से निकल गया. घबराए आनंद ने तुरंत मोबाइल सर्विस सेंटर पहुंचकर सॉफ्टवेयर अपडेट कराया, जिससे फोन तो ठीक हो गया, लेकिन वह यह नहीं जानता था कि यह तो सिर्फ एक बड़ी आफत की महज शुरुआत थी.
इसके बाद आनंद के मोबाइल पर अचानक ताबड़तोड़ मैसेज आने लगे. इंडियन बैंक के खाते से 50 हजार और पंजाब नेशनल बैंक के खाते से 11 हजार रुपये कटने के संदेश देख उसके पैरों तले जमीन खिसक गई. जब वह दौड़कर दोनों बैंकों में पहुंचा, तो पता चला कि किसी शातिर अज्ञात साइबर ठग ने उसी मालवेयर या हैक किए गए ऐप के जरिए ऑनलाइन धोखाधड़ी कर उसके दोनों खातों से कुल 61,000 रुपये साफ कर दिए हैं. सिहोरा पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 318(4) और 319(2) बीएनएस के तहत संगीन अपराध पंजीबद्ध कर लिया है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-
