जबलपुर. एमपी के जबलपुर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर कड़ी कार्रवाई की है. थाना तिलवारा और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने गढ़ा रेलवे स्टेशन के पास दबिश देकर अवैध मादक पदार्थ गांजे की तस्करी कर रहे दो युवकों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से 5 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 50 हजार रुपए आंकी गई है. पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है.
थाना प्रभारी तिलवारा बृजेश मिश्रा ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि आज रात पेट्रोलिंग के दौरान क्राइम ब्रांच और तिलवारा थाने की संयुक्त टीम गढ़ा रेलवे स्टेशन के पास मुस्तैद थी. इसी दौरान दो संदिग्ध युवक पीठ पर पि_ू बैग टांगे हुए स्टेशन से बाहर आते दिखे. पुलिस दल को देखकर दोनों युवकों ने अचानक पीछे मुड़कर भागने का प्रयास किया. उनके हाव-भाव और संदिग्ध हरकतों को भांपते हुए सतर्क पुलिस टीम ने तुरंत घेराबंदी कर दोनों को धर दबोचा. पूछताछ के दौरान उनकी पहचान आदित्य पटेल उम्र 21 वर्ष और पीयूष कुशवाहा (उम्र 22 वर्ष दोनों निवासी नई बस्ती, गोहलपुर जबलपुर के रूप में हुई.
शक होने पर जब दोनों आरोपियों के पि_ू बैग की विधिवत तलाशी ली गई, तो उनके पास से अलग-अलग पैकेटों में अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ. एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों का कड़ाई से पालन करते हुए जब्ती और तौल की कार्रवाई की गई, जिसमें कुल 5 किलो गांजा मिला. पुलिस के अनुसार, बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय और स्थानीय बाजार में कीमत लगभग ढाई लाख रुपए है. पुलिस की शुरुआती पूछताछ में आरोपियों ने चौंकाने वाला खुलासा किया है. उन्होंने बताया कि वे यह अवैध मादक पदार्थ उड़ीसा के जिला कांटा बाजी स्थित ग्राम बेलपुरा निवासी आमीर नामक व्यक्ति से लेकर आए थे और ट्रेन के जरिए गढ़ा रेलवे स्टेशन पहुंचे थे. पुलिस अब इस बात की गहराई से छानबीन कर रही है कि इस तस्करी के नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा उड़ीसा के मुख्य तस्कर तक कैसे पहुंचा जाए. इस पूरी कार्रवाई को सफल बनाने में तिलवारा थाना और क्राइम ब्रांच के अधिकारियों व कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

