जबलपुर : बाइक सवार को सिहोरा में वाहन ने मारी टक्कर, एक की मौके पर मौत, साढ़ू गंभीर घायल

जबलपुर : बाइक सवार को सिहोरा में वाहन ने मारी टक्कर, एक की मौके पर मौत, साढ़ू गंभीर घायल

प्रेषित समय :13:42:44 PM / Sun, Oct 11th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. सिहोरा में गंजताल के पास शनिवार-रविवार की दरमियानी देर रात अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार राजकुमार रजक (42) की मौत हो गई. उनके साढ़ू पिंटू रजक (35) गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें इलाज के लिए जबलपुर रेफर किया गया है. हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया.

राजकुमार रजक मझौली थाना क्षेत्र के हरदुआ बंधा, पडुआ पिपरिया के निवासी थे. वे ससुराल आए थे. शनिवार-रविवार की दरमियानी रात वे अपने साढ़ू पिंटू रजक के साथ बाइक से मझौली लौट रहे थे. इसी दौरान गंजताल के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी. टक्कर लगने से दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए.

पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया

ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को सिहोरा अस्पताल पहुंचाया. यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद राजकुमार को मृत घोषित कर दिया. पिंटू के सिर और पसली में गंभीर चोटें आई हैं. प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज, जबलपुर रेफर किया गया. पुलिस ने मर्ग कायम कर राजकुमार के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. हादसे के बाद फरार अज्ञात वाहन चालक की तलाश की जा रही है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-