जबलपुर में रक्षालेखा नियंत्रक के ऑडिटर का मोबाइल फोन लूटकर भागे बाइक सवार

जबलपुर में रक्षालेखा नियंत्रक के ऑडिटर का मोबाइल फोन लूटकर भागे बाइक सवार

प्रेषित समय :17:15:25 PM / Mon, Oct 12th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. एमपी के जबलपुर में मालगोदाम क्षेत्र में उस वक्त हड़कम्प मच गया, जब बाइक से आए बदमाशों ने रक्षालेखा नियंत्रक विभाग में ऑडिटर भीमा ओसवाल का मोबाइल फोन छीना और भाग निकले. लूट की वारदात उस वक्त हुई है जब भीमा ओसवाल भोपाल जाने के लिए रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म क्रमांक 6 की ओर जा रहे थे.

पुलिस के अनुसार लेखा नगर रिज रोड गोराबाजार निवासी भीमा ओसवाल रक्षा लेखा नियंत्रक विभाग में आडिटर के पद पर पदस्थ है. वे रात लगभग 10.30 बजे भोपाल ट्रेन पकडऩे के लिए अपने घर से पैदल निकले, जब वे मालगोदाम चौक स्थित रेलवे स्कूल के रास्ते प्लेटफार्म नंबर 6 की की ओर बढ़ रहे थे. इस दौरान वे रुके और मोबाइल फोन पर ऑनलाइन रेलवे सीट चेक कर रहे थे. तभी अचानक पीछे से एक बिना नंबर की काले रंग की मोटर साइकिल पर सवार होकर दो अज्ञात युवक आए.

बाइक पर पीछे बैठे लड़के ने चलती गाड़ी से ही तेजी से झपट्टा मारा और उनके हाथ से मोबाइल छीन लिया. इसके बाद दोनों बदमाश अपनी मोटर साइकिल पर तेजी से फरार हो गए. भीमा ओसवाल ने शोर मचाया तो आसपास के लोग रुक गए, जिन्होने लुटेरों को पकडऩे के लिए पीछा किया लेकिन लुटेरे भाग चुके थे. पीडि़त ने आज थाना सिविल लाईन में मामले की शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने पीडि़त की रिपोर्ट पर त्वरित कार्रवाई करते हुए बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) की धारा 304(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है. पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और मोटर साइकिल सवार दोनों फरार झपटमारों की तलाश में जुट गई है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-