उत्तराखंड का राज्यपाल नियुक्त होते ही डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने पीएम, राष्ट्रपति का जताया आभार

उत्तराखंड का राज्यपाल नियुक्त होते ही डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने पीएम, राष्ट्रपति का जताया आभार

प्रेषित समय :14:09:06 PM / Tue, Oct 13th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

सिवनी. डॉ. ढाल सिंह बिसेन के राज्यपाल नियुक्त होने के बाद मंगलवार सुबह से ही भाजपा पदाधिकारी तथा कार्यकर्ताओं की भीड़ उनके निवास पर उमड़ पड़ी. कार्यकर्ताओं ने फूलमालाओं के साथ डॉ. बिसेन का स्वागत किया. इस दौरान डॉ. बिसेन ने कहा देवभूमि उत्तराखंड देवों की भूमि कही जाती है. मुझे वहां का दायित्व दिया गया है तो निश्चित रूप से मेरा सौभाग्य है. ऐसी जगह में जाकर मुझे देश की सेवा और काम करने का अवसर मिलेगा.

पार्टी के साथ ही पीएम व राष्ट्रपति का आभार माना

डॉ. बिसेन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ ही राष्ट्रपति, पार्टी अध्यक्ष एवं संगठन के पदाधिकारियों और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार जताया. उन्होंने कहा प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से बहुत लोगों का स्नेह और सहयोग रहा है, जिस कारण ये सब फलीभूत हुआ है. नवरात्रि में इतनी बड़ी खुशबरी मिलने से खुश डॉ. बिसेन ने कहा पार्टी के इस फैसले से वह गौरान्वित महसूस कर रहे हैं. वह पूरे मन व लगन से इस पद की जिम्मेदारी निभाएंगे.

4 बार विधायक बने, साल 2003 में मंत्री

सिवनी के पिपरिया निवासी डॉ. ढाल सिंह बिसेन का राजनीतिक सफर कई महत्वपूर्ण पड़ावों से होकर गुजरा है. 14 मई 1952 को जन्मे डॉ. बिसेन पेशे से चिकित्सक एवं कृषक रहे हैं. उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के साथ अपनी राजनीतिक पहचान बनाई. वर्ष 1990 में पहली बार मध्य प्रदेश विधानसभा के लिए निर्वाचित हुए. इसके बाद 1993, 1998 और 2003 में भी विधायक चुने गए. वर्ष 2003 में भाजपा सरकार में कैबिनेट मंत्री बने और वन, परिवहन, खनिज, स्कूल शिक्षा एवं जेल जैसे विभागों की जिम्मेदारी संभाली.

एक दिन पहले ही राष्ट्रपति भवन से आदेश जारी

वर्ष 2012 से 2013 तक उन्होंने मध्य प्रदेश राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष के रूप में कार्य किया. इसके बाद वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने उन्हें बालाघाट संसदीय क्षेत्र से उम्मीदवार बनाया. उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी मधु भगत को पराजित कर जीत दर्ज की और 17वीं लोकसभा के सांसद बने. संसद में उन्होंने विभिन्न समितियों में भी जिम्मेदारी निभाई. वर्ष 2024 में उनका लोकसभा कार्यकाल समाप्त हुआ. इसके बाद 12 अक्टूबर 2026 को राष्ट्रपति भवन की घोषणा के अनुसार उन्हें उत्तराखंड का राज्यपाल नियुक्त किया गया.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-