जबलपुर में शातिर महिला गैंग का कारनामा, कंपनी के इनाम, बड़े ऑफर्स का लालच देकर महिलाओं के लाखों के जेवर लेकर भागी

जबलपुर में शातिर महिला गैंग का कारनामा, कंपनी के इनाम, बड़े ऑफर्स का लालच देकर महिलाओं के लाखों के जेवर लेकर भागी

प्रेषित समय :20:39:53 PM / Tue, Oct 13th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. एमपी के जबलपुर में रांझी स्थित रिछाई इलाके से ठगी का एक बेहद हैरान करने वाला और सनसनीखेज मामला सामने आया है. एक शातिर महिला गिरोह ने कंपनी के झूठे प्रलोभनों और बड़े-बड़े इनामों का झांसा देकर कई महिलाओं को अपना शिकार बनाया और उनके पास रखे लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात पार कर दिए. इस दुस्साहसिक वारदात के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है.

पीडि़ता खुशबू पटेल ने पुलिस को बताया कि रिछाई पहाड़ी क्षेत्र में रहने वाली महिलाओं को निशाना बनाने के लिए एक अज्ञात महिला उनके घर पहुंची थी. उसने खुद को किसी बड़ी कंपनी की प्रतिनिधि बताते हुए दावा किया कि कंपनी की एक विशेष योजना चल रही है. इसके तहत यदि महिलाएं अपने सोने-चांदी के जेवरों की फोटो खिंचवाने के लिए देंगी, तो कंपनी उन्हें भारी नकद राशि और बड़े इनाम देगी. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पांच टीमों का गठन कर तलाश शुरु कर दी है. शहर के बस स्टेंड से लेकर रेलवे स्टेशन तक पुलिस की टीमें तलाश में जुटी है.

भरोसा जीतने की चाल-

शुरुआत में महिलाओं का विश्वास जीतने के लिए शातिर महिला ने छोटे चांदी के जेवरों के बदले उन्हें स्टील का डिब्बा और थाली जैसे छोटे उपहार लाकर दिए.

बड़ा झांसा दिया-

जब महिलाओं का भरोसा पूरी तरह पक्का हो गया, तो वह दो दिन बाद दोबारा लौटी और बड़ा लालच दिया कि जितना भारी और कीमती जेवर दिया जाएगा, उतना ही बड़ा फायदा (लगभग 3.5 से 4 लाख रुपये तक का इनाम) मिलेगा.

रानी हार और मंगलसूत्र लेकर रफूचक्कर हुई गैंग-

इस बड़े झांसे में आकर खुशबू पटेल, उनकी ननद और आसपास की अन्य महिलाएं आसानी से फंस गईं. उन्होंने अपने पास रखे कुल 9 कीमती आभूषण उस शातिर महिला को सौंप दिए. इन जेवरों में रानी हार, सोने का मंगलसूत्र, झुमकी और जेंट्स अंगूठी जैसे भारी-भरकम और महंगे सामान शामिल थे. जब महिलाओं को अपने साथ हुई इस बड़ी ठगी का अहसास हुआ, तब तक काफी देर हो चुकी थी. उनके पैरों तले जमीन खिसक गई और उन्होंने तुरंत परिजनों को सूचना देकर रांझी थाने में मामला दर्ज कराया.
 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-