नई दिल्ली. कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रस्तावित तिरंगा मार्च से पहले अभिजीत दिपके को हिरासत में ले लिया गया है. दिल्ली पुलिस के मुताबिक, वह कनॉट प्लेस जाने की कोशिश कर रहे थे. दिपके के अलावा आइसा प्रमुख नेहा बोरा को भी दिल्ली पुलिस ने कनॉट प्लेस में लहरा दो तिरंगा प्रदर्शन में जाने के दौरान मंडी हाउस में हिरासत में ले लिया है.
दिल्ली पुलिस ने पहले अभिजीत दिपके से तिरंगा मार्च नहीं निकालने की गुजारिश की थी. इसके लिए पुलिस आज दिपके के दिल्ली स्थित उनके आवास पर भी पहुंची थी और बिना अनुमति के मार्च नहीं निकालने को लेकर नोटिस दिया था.
दिल्ली पुलिस की टीम दिपके के झंडेवालान वाले घर पर पहुंची थी. यह घर दिपके के दोस्त का है. पुलिस से जुड़े अधिकारियों के अनुसार, 'लहरा दो तिरंगाÓ मार्च नहीं निकालने को लेकर नोटिस देने के लिए 15 से 20 पुलिसकर्मी उनके घर पहुंचे थे. उनका कहना है कि सेंट्रल पार्क के आसपास बीएनएसएस की धारा 163 लगी हुई है. वहीं, सीजेपी के इस तिरंगा मार्च को लेकर कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क के पास सुरक्षा कड़ी कर दी गई है. साथ ही दिल्ली पुलिस लोगों से गुजारिश कर रही है कि लोग सेंट्रल पार्क न जाएं, क्योंकि वहां पर धारा 163 लगी हुई है.
गिरफ्तारी के विरोध में लहरा दो तिरंगा
सीजेपी के सदस्यों आशुतोष रांका और सौरव दास को तिरंगा फहराने की वजह से जेल में डालने का आरोप लगाते हुए दिपके ने आज शुक्रवार शाम को कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में लहरा दो तिरंगा मार्च निकालने का ऐलान किया है. उनके मार्च को देखते हुए नई दिल्ली म्युनिसिपल काउंसिल (डीएमसी) ने पार्क को शुक्रवार और शनिवार 2 दिन के लिए आम लोगों को बंद कर दिया है. साथ ही वहां पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं.
दूसरी ओर, लहरा दो तिरंगा मार्च को देखते हुए, नई दिल्ली इलाके में 6 हजार से से अधिक दिल्ली पुलिस के जवान, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल की 220 कंपनियां और सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं. कनॉट प्लेस और राजीव चौक के साथ-साथ सेंट्रल पार्क, जंतर-मंतर, पालिका बाजार, आस-पास के मेट्रो स्टेशन और लुटियंस दिल्ली के अन्य संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

