जबलपुर. एमपी के जबलपुर में केंट स्थित शिवाजी ग्राउंड के पास बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है. माँ दुर्गा के दर्शन करके बुलेट बाइक से लौट रहे एक युवक और युवती को पीछे से आ रही तेज रफ्तार क्रेटा कार ने जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर के बाद कार दोनों को रौंदते हुए मौके से फरार हो गई. इस भीषण हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, कटंगी निवासी वैदिक जैन अपने दोस्त की बुलेट से श्रेया नामक युवती को बैठाकर शहर में दुर्गा प्रतिमाओं के दर्शन के लिए निकला था. रात करीब 1 बजे जब दोनों सदर इलाके से दर्शन कर शिवाजी ग्राउंड के पास से गुजर रहे थे, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार क्रेटा कार के चालक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मारी, जिससे दोनों उछलकर सड़क पर गिर गए. इसके बाद लापरवाह चालक उन्हें रौंदते हुए निकल गया.
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई. स्थानीय लोगों ने मानवता दिखाते हुए तुरंत घायलों को सड़क किनारे किया और पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची कैंट थाना पुलिस ने बिना देर किए दोनों घायलों को रसल चौक स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है. पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं और फरार कार चालक की सरगर्मी से तलाश की जा रही है. पुलिस का दावा है कि आरोपी चालक को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

