जबलपुर. जिले के जबलपुर-कटंगी मार्ग पर शनिवार की रात को तेज रफ्तार ट्रक ने दो लोगों की जान ले ली, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसा कटंगी थाना क्षेत्र में सैयद बाबा मजार के पास हुआ. घटना के बाद ट्रक चालक ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उसे संग्रामपुर गांव के पास पकड़ लिया. पुलिस ने ट्रक जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है.
जानकारी के मुताबिक, कटंगी निवासी राहुल यादव और नरेंद्र यादव बाइक पर सवार थे, जबकि मनीष ठाकुर पैदल जा रहे थे. इसी दौरान जबलपुर से दमोह की ओर जा रहे तेज रफ्तार ट्रक (नंबर एमपी19एचए3324) ने उन्हें कुचल दिया. हादसे में नरेंद्र यादव और मनीष बर्मन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राहुल यादव गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें इलाज के लिए भेजा गया है.
हादसे की सूचना मिलते ही कटंगी थाना पुलिस मौके पर पहुंची. दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए पाटन भेजे गए हैं. पुलिस मामले की जांच कर रही है. जबलपुर-कटंगी मार्ग पर बेकाबू वाहनों के कारण हो रहे हादसों ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं. कटंगी थाना प्रभारी गोपेन्द्र सिंह राजपूत ने बताया कि घटना के दौरान अगर क्षेत्र में भीड़ होती तो निश्चित रूप से और भी बड़ी घटना हो सकती थी.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-


