जबलपुर. एमपी के जबलपुर में माढ़ोताल निवासी आरके गुप्ता ऑनलाइन ठगी का शिकार हो गए. साइबर ठगों ने ड्राई फ्रूट्स बेचने के नाम पर उनके बैंक खाते से 1 लाख 77 हजार रुपए निकाल लिए. पीडि़त की शिकायत पर माढ़ोताल पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
पुलिस के अनुसार आरके गुप्ता को फेसबुक पर श्रीराम ड्राई फू्रट का एक लिंक दिखाई दिया था. उन्होंने इस लिंक के जरिए ड्राई फ्रूट्स का ऑर्डर दिया. 10 अक्टूबर 2026 को उन्होंने अपने एसबीआई खाते से पेटीएम के जरिए 1,000 रुपए एडवांस दिए थे. ऑर्डर नहीं मिलने पर गुप्ता ने विक्रेता से संपर्क किया.
इस दौरान ठग ने मर्चेंट ऐप के जरिए 1,000 रुपए वापस लौटाने का झांसा दिया. इसके बाद आरोपी ने व्हाट्सएप पर उनसे बातचीत शुरू की और पेटीएम ऐप खोलने को कहा. 15 अक्टूबर 2026 को आरोपी ने गुप्ता को गुमराह कर कई किस्तों में उनके बैंक खाते से कुल 1 लाख 77 हजार रुपए ट्रांसफर करवा लिए. ठगी का पता चलने पर पीडि़त ने थाने में शिकायत दर्ज कराई. माढ़ोताल पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं में मामला दर्ज किया है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

