एमपी में खंडवा से तुकईधड़ के बीच 10 साल बाद दौड़ी ट्रेन, हुआ ट्रायल रन, लोगों में जबर्दस्त उत्साह

एमपी में खंडवा से तुकईधड़ के बीच 10 साल बाद दौड़ी ट्रेन, हुआ ट्रायल रन, लोगों में जबर्दस्त उत्साह

प्रेषित समय :10:04:49 AM / Mon, Oct 19th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

खंडवा. मध्य प्रदेश के खंडवा-अकोला मीटरगेज रेल लाइन बंद होने के करीब 10 साल बाद इस रूट पर एक बार फिर ट्रेन की सीटी सुनाई दी. रविवार को खंडवा से तुकईधड़ के बीच ब्रॉडगेज लाइन पर पहली बार ट्रायल ट्रेन दौड़ी. करीब 64 किलोमीटर लंबे इस रेलखंड पर ट्रेन का संचालन शुरू होने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है. ट्रायल ट्रेन के चलने से क्षेत्र के लोगों में उत्साह देखने को मिला. कई लोगों ने टिकट लेकर ट्रेन में सफर किया और गुड़ी, आमलाखुर्द सहित तुकईधड़ तक की यात्रा की.

खंडवा रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-1 पर रविवार सुबह से ही लोगों की भीड़ जुटने लगी थी. सुबह 7.45 बजे ट्रायल ट्रेन स्टेशन पहुंची. लोको पायलट को मिठाई खिलाकर ट्रायल ट्रेन के संचालन पर बधाई दी गई. इसके बाद सुबह 8.15 बजे ट्रेन खंडवा स्टेशन से तुकईधड़ के लिए रवाना हुई.

लंबे समय बाद इस रेलखंड पर ट्रेन चलने से स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल रहा. आमला खुर्द निवासी जितेंद्र सिंह यादव का कहना है कि ट्रेन शुरू होने काफी उत्साह है. हमारी यही मांग है कि यह ट्रायल तक नहीं रहते हुए हमेशा के लिए ट्रेन शुरू की जाए, जिससे ग्रामीणों को लाभ मिलेगा. यात्री संजय ठाकुर ने बताया कि लंबे समय के बाद खंडवा से तुकईधड़ के बीच ट्रेन चली है. वे भी टिकट लेकर सफर कर रहे हैं. ट्रेन को लेकर काफी उत्साह है, यह हमेशा चले यहीं मांग है.

1 जनवरी 2017 को बंद हुआ था खंडवा-अकोला रेलखंड

खंडवा से अकोला के बीच मीटरगेज ट्रेन का संचालन 1 जनवरी 2017 को बंद कर दिया गया था. इसके बाद इस रेलखंड को मीटरगेज से ब्रॉडगेज में बदलने का काम शुरू हुआ. लंबे समय तक निर्माण कार्य और इंतजार के बाद अब खंडवा से तुकईधड़ तक का ट्रैक तैयार हो चुका है. इसी के तहत रविवार को इस रेलखंड पर ट्रायल रन किया गया.

ग्रामीण क्षेत्रों को मिलेगा सीधा लाभ

खंडवा से तुकईधड़ के बीच रेल सेवा शुरू होने से रास्ते में आने वाले गांवों के लोगों को आवागमन का बेहतर विकल्प मिलने की उम्मीद है. गुड़ी, आमलाखुर्द और मोरधड़ सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के यात्रियों को इसका लाभ मिल सकेगा. फिलहाल ट्रायल रन के बाद इस रेलखंड पर नियमित यात्री ट्रेन संचालन को लेकर लोगों की उम्मीदें बढ़ गई हैं. वर्षों से रेल सेवा बहाल होने का इंतजार कर रहे क्षेत्रवासियों की नजर अब आगे की प्रक्रिया और नियमित ट्रेन चलने की घोषणा पर टिकी है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-