जबलपुर. एमपी के जबलपुर के गोलबाजार में दशहरा-दीपावली के मेले में रविवार देर रात बड़ा हादसा हो गया. यहां गोल घूमने वाले झूले का गेट अचानक खुलने से दो बच्चे नीचे गिरकर घायल हो गए. दोनों को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. बच्ची पल्लवी को गंभीर चोट आई है, जबकि दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है. घटना के बाद लार्डगंज थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के मुताबिक रविवार रात करीब 11:30 से 12 बजे के बीच गोलबाजार मेले में बड़ी संख्या में लोग झूले के आसपास मौजूद थे. कुछ लोग झूला झूल रहे थे. इसी दौरान पल्लवी और आशीष यादव गोल घूमने वाले झूले पर थे.
रील बनाते समय गेट से टिककर खड़ी थी बच्ची
प्रत्यक्षदर्शी एसके निगम के मुताबिक पल्लवी झूले के दरवाजे से टिककर खड़ी थी और मोबाइल से रील बना रही थी. इसी दौरान दरवाजा खुल गया और वह एक लड़के के साथ नीचे गिर गई. झूला करीब 10 से 15 फीट के गोल क्षेत्र में घूमता है, जिसमें लोग पकड़कर खड़े रहते हैं.
मां बोली- झूले वाले की जिम्मेदारी
आशीष की मां सरिता यादव ने बताया कि घटना इतनी जल्दी हुई कि वह बच्चे को पकड़ नहीं सकीं. उनके मुताबिक, झूले का दरवाजा खुलने से बच्चा नीचे गिर गया. उन्होंने हादसे के लिए झूला संचालक को जिम्मेदार बताते हुए कहा कि इलाज का खर्च भी उसे उठाना चाहिए.
पुलिस कर रही हादसे की जांच
सीएसपी अखिलेश गौर ने बताया कि गोल घूमने वाले झूले में यह हादसा हुआ है. राहत की बात है कि बच्चे अधिक ऊंचाई से नहीं गिरे. घायल बच्चों के परिजनों की शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है. पुलिस यह पता लगा रही है कि झूले का गेट कैसे खुला और हादसे के लिए कौन जिम्मेदार है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-


