जबलपुर. मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के पाटन संभाग अंतर्गत बेलखेड़ा डीसी (वितरण केंद्र) में एक बड़ा दर्दनाक हादसा सामने आया है. यहाँ 11 केवी बिजली लाइन पर अचानक फाल्ट दुरुस्त करने चढ़े आउटसोर्स कर्मचारी बिहारी लाल बर्मन की चालू बिजली के तेज झटके से 16 फीट की ऊँचाई से नीचे गिरकर मौके पर ही मौत हो गई. इस घटना के बाद से बिजली महकमे में हड़कंप मच गया है और कर्मचारियों के सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.
बताया गया है कि बेलखेड़ा क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित होने पर फाल्ट ढूंढने और तकनीकी खराबी को दूर करने का काम चल रहा था. क्षेत्रीय दफ्तर में तैनात आउटसोर्स कर्मी बिहारी लाल बर्मन कनिष्ठ अभियंता (जेई) के सीधे निर्देश पर खंभे पर चढ़ा था. शटडाउन (बिजली बंद) की स्थिति मानकर कर्मचारी बेझिझक 16 फीट ऊँचे पोल पर चढ़कर मरम्मत कार्य में जुटा हुआ था. लेकिन मैदानी स्तर पर सुरक्षा नियमों की भारी अनदेखी का आलम यह रहा कि जिस तार पर कर्मी काम कर रहा था, उसमें अचानक तेज करंट दौड़ गया.
जोरदार बिजली का झटका लगते ही बिहारी लाल संतुलन खो बैठा और सीधे जमीन पर आ गिरा. सिर और शरीर में गंभीर चोटें आने व करंट के प्रभाव के कारण उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया. इस हृदय विदारक हादसे पर तकनीकी कर्मचारी संघ ने गहरा आक्रोश जताया है. प्रांतीय महासचिव हरेंद्र श्रीवास्तव, मोहन दुबे, राजकुमार सैनी, अजय कश्यप, लखन सिंह राजपूत, विनोद दास, किशोर, शशि उपाध्याय, दशरथ शर्मा, संदीप दीपांकर, जगदीश मेहरा और आजाद सकवार ने संयुक्त रूप से मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी प्रबंधन से कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
पीडि़त के परिवार को मिले 20 लाख रुपए मुआवजा-
कर्मचारी नेताओं का कहना है कि पीडि़त परिवार को तत्काल 20 लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की जाए. घटना में संबंधित जूनियर इंजीनियर (कनिष्ठ अभियंता) की भूमिका समेत पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए.
सुरक्षा मानकों की अनदेखी और उठते सवाल-
तकनीकी कर्मचारी संघ ने स्पष्ट किया कि बिना पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था और प्रोटोकॉल के किसी भी आउटसोर्स कर्मचारी से जान जोखिम में डालकर काम कराना एक गंभीर अपराध है. जब लाइन बंद करने का निर्देश (शटडाउन) जारी था, तो अचानक लाइन में करंट कैसे प्रवाहित हो गया? यह सीधे तौर पर प्रशासनिक व मैदानी लापरवाही को दर्शाता है. इस घटना से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और उनके सामने रोजी-रोटी का गंभीर संकट पैदा हो गया है. फिलहाल विभागीय स्तर पर इस बात की जांच शुरू कर दी गई है कि शटडाउन के बावजूद करंट कैसे चालू हुआ.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

