बिहार : मेला देखने निकली महिला को रास्ते में दरिंदों ने घेरा, पति की पिटाई के बाद गैंगरेप, 8 गिरफ्तार

बिहार : मेला देखने निकली महिला को रास्ते में दरिंदों ने घेरा, पति की पिटाई के बाद गैंगरेप, 8 गिरफ्तार

प्रेषित समय :13:16:09 PM / Mon, Oct 19th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

पटना. बिहार में दुर्गा पूजा के बीच मोतिहारी जिले से इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है. यहां पति के साथ दुर्गा पूजा मेला देखने जा रही एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया. आरोप है कि बदमाशों ने पहले बाइक से जा रहे दंपति को रास्ते में घेरा और फिर उन्हें सुनसान इलाके में ले जाकर मारपीट की. इस दौरान महिला के पति की भी पिटाई की गई. पुलिस ने मामले में आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

पुलिस के मुताबिक घटना 18 अक्टूबर की सुबह करीब चार बजे बंजरिया सरेह के पास हुई. पीडि़ता अपने पति के साथ शिवहर से मधुबन में दुर्गा पूजा मेला देखने जा रही थी. इसी दौरान कुछ युवकों ने बाइक से जा रहे दंपति को रोक लिया. आरोप है कि इसके बाद उन्हें सुनसान रास्ते पर ले जाया गया, जहां दोनों के साथ मारपीट की गई. इसके बाद महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया.

आठ आरोपी गिरफ्तार

मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अम्बीकेश तिवारी, रिंकी कुमार, अंकुश कुमार, राहुल कुमार, कंचन कुमार, मुन्ना कुमार, रणधीर कुमार और अमित कुमार के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी शिवहर जिले के श्यामपुर थाना क्षेत्र के लालगढ़ जिमी सिंह टोला गांव के रहने वाले हैं. थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार पाण्डेय ने घटना की पुष्टि की है. पुलिस ने आरोपियों के पास से छह स्क्रीन टच मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं. मामले की जांच की जा रही है और पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है.

अररिया में छह साल की बच्ची से दुष्कर्म

बिहार के अररिया जिले से भी बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है. यहां 32 वर्षीय पड़ोसी युवक पर छह साल की बच्ची को बिस्किट देने का लालच देकर खेत में ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म करने का आरोप है. जानकारी के मुताबिक, घटना के समय बच्ची की मां खेत में पाट छुड़ाने गई थी और बच्ची घर पर अकेली खेल रही थी. आरोप है कि इसी दौरान पड़ोसी युवक बच्ची को बिस्किट देने का लालच देकर घर से करीब आधा किलोमीटर दूर धान के खेत की ओर ले गया.

जब बच्ची घर पर नहीं मिली तो उसका बड़ा भाई उसे खोजने निकला. तलाश करते हुए वह धान के खेत के पास पहुंचा, जहां बच्ची मेड़ पर अचेत अवस्था में मिली. भाई के शोर मचाने पर आरोपी वहां से भागने लगा. स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया और 112 नंबर की पुलिस गाड़ी के हवाले कर दिया. पुलिस ने बच्ची को मेडिकल जांच के लिए अररिया भेजा है. वहीं गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में अररिया भेज दिया गया है. भरगामा थाना की दारोगा रंजना गुप्ता के मुताबिक, मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-