जबलपुर। एमपी के जबलपुर में शहपुरा आइल डिपो के पास बीती रात हड़कम्प मच गया, जब टीआई प्रवीण धुर्वे ने अपने अधीनस्थों के साथ आकर ड्यूटी पर तैनात प्रधान आरक्षक लखन निषाद के साथ जमकर मारपीट की। मारपीट में लखन निषाद के दांत टूट गए, वहीं चेहरे पर चोटें आई है। टीआई सिर्फ इस बात पर भड़के थे कि प्रधान आरक्षक लखन ने एक ट्रक चालक को उनका मोबाइल नम्बर दे दिया था।
बताया गया है कि नवरात्र के त्यौहार के चलते शहपुरा के चेक प्वाइंट पर हवलदार लखन निषाद की ड्यूटी शहपुरा ऑइल डिपो के पास लगाई गई थी। लखन निषाद नो-एंट्री को देखते हुए ट्रकों को रोक रहा था। इस दौरान एक ट्रक पूजन सामग्री से भरा आया और उसने जाने के लिए कहा, लेकिन प्रधान आरक्षक लखन ने यह कहते हुए समझाया कि वह नहीं जाने दे सकता है वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का आदेश है। इसके बाद भी ट्रक चालक नहीं माना और गुहार लगाते हुए टीआई का मोबाइल नम्बर मांगा, पहले तो लखन निषाद नम्बर देने से इंकार करता रहा, लेकिन ट्रक चालक द्वारा मिन्नते ही जा रही थी तो प्रधान आरक्षक ने शहपुरा टीआई प्रवीण धुर्वे का नंबर दे दिया। मोबाइल नंबर मिलते ही ट्रक चालक ने अपने मोबाइल से टीआई से बातचीत कर उसका ट्रक निकल जाने की विनती की। जिसपर टीआई गुस्से से आगबबूला हो गए और पहले उनहोने यह पूछा कि नम्बर किसने दिया है। चालक ने बताया कि ड्यूटी पर तैनात प्रधान आरक्षक से नम्बर लिया है। इसके बाद ट्रक ड्राइवर को कहा गया कि प्रधान आरक्षक से बात कराए, जैसे ही प्रधान आरक्षक ने मोबाइल फोन पर बात की तो टीआई ने जमकर गाली गलौज की, पुलिस कर्मी द्वारा विरोध करने पर टीआई यह कहते हुए पहुंच गए कि वहीं आकर तुझे बताते है। कुछ देर में टीआई अपने शासकीय वाहन में अधीनस्थ व प्राइवेट लोगों के साथ पहुंच गए और प्रधान आरक्षक के साथ गाली गलौज करने लगे। प्रधान आरक्षक ने फिर विरोध किया तो उनके अधीनस्थों ने लखन को पीछे से पकड़ा लिया और टीआई ने लखन निषाद पर को बुरी तरह पीटा। हमले में लखन ने खुद को छुड़ाने की कोशिश की थी लेकिन वह कुछ नहीं कर सका। मारपीट में उसका होंठ फट गया, एक दांत टूट गया। आंख के पास चोट आई। उसके बाएं हाथ में फ्रेक्चर महसूस होने लगा। मारपीट के बाद टीआई वाहन चालक के साथ वहां से निकल लिए। हवलदार मौके पर इलाज के लिए शहपुरा सीएससी गया था, जहां से उसे मेडिकल रिफर कर दिया था। देर रात लखन ने मेडिकल पहुंचकर अपना इलाज करवाया।
थाना पहुंचने पर वाहन नहीं उठाने दिया-
मारपीट से घायल प्रधान आरक्षक जब थाना शहपुरा अपना वाहन उठाने के लिए पहुंचा तो पुलिस कर्मियों ने यह कहते हुए वाहन उठाने से मना कर दिया कि टीआई साहब का आदेश है कि थाना के अंदर लखन को घुसने नहीं देना। इसके बाद वह साथी पुलिस कर्मियों से मिन्नते करता रहा।
एसडीओपी ने भी नहीं सुनी घायल हवलदार की बात-
मारपीट से घायल प्रधान आरक्षक ने एसडीओपी से अपनी पीड़ा सुनाई तो उन्होने भी यह कहते हुए लखन निषाद को फटकार लगाना शुरु कर दिया कि टीआई से बहस करते हो, वह कहता रहा कि साहब हमारे साथ टीआई साहब ने मारपीट की है, लेकिन वे भी टीआई का पक्ष लेकर बात करते रहे, यहां तक कि कह दिया कि आप तत्काल घर चले जाए।
यातायात पुलिस कर्मियों ने भी बताया मारपीट हुई है-
खबर है कि घटना स्थल पर यातायात पुलिस के एएसआई व पुलिस कर्मी उपस्थित रहे, जिन्होने सारा घटनाक्रम देखा,उन्होने भी एसडीओपी को बताया कि प्रधान आरक्षक के साथ टीआई साहब द्वारा मारपीट की गई है लेकिन उनकी बात को सिरे से खारिज कर दिया गया।
शहपुरा स्वास्थ्य केन्द्र से मेडिकल रेफर किया गया-
टीआई प्रवीण धुर्वे द्वारा मारपीट किए जाने से घायल प्रधान आरक्षक लखन निषाद शहपुरा स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचा, जहां पर डाक्टरों ने चोटों को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कालेज रेफर कर दिया।
जबलपुर के शहपुरा में चेकिंग प्वाइंट पर टीआई ने हवलदार को बुरी तरह पीटा, ट्रक ड्राइवर को नम्बर देने पर भड़के थे थाना प्रभारी
प्रेषित समय :09:47:23 AM / Mon, Oct 19th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर



