जबलपुर में विशाल सोनकर हत्याकांड के दो आरोपी अभी भी फरार, अब पुलिस सम्पत्ति कुर्क कराने की तैयारी में..!

जबलपुर में विशाल सोनकर हत्याकांड के दो आरोपी अभी भी फरार, अब पुलिस सम्पत्ति कुर्क कराने की तैयारी में..!

प्रेषित समय :10:10:34 AM / Mon, Oct 19th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर। एमपी के जबलपुर में बेलबाग में जुलाई 2026 में हुए विशाल सोनकर हत्याकांड के तीन महीने बाद भी मुख्य आरोपी राजा सोनकर और प्रीतम सोनकर पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। दोनों पर जबलपुर एसपी ने 10-10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। अब पुलिस द्वारा आरोपियों की संपत्ति कुर्क करने की तैयारी में है। 
                       पुलिस का कहना है कि कोर्ट ने दोनों के खिलाफ वारंट जारी कर कार्रवाई के लिए 10 से 12 दिन का समय दिया है। पुलिस ने लोगों को आरोपियों के परिजनों से वित्तीय लेनदेन नहीं करने की हिदायत भी दी है। बेलबाग निवासी विशाल सोनकर की क्षेत्र के ही प्रीतम सोनकर से पुरानी रंजिश थी। 26 जुलाई को विशाल अपने भाई अंकित सोनकर के साथ प्रॉपर्टी देखने और खरीदने के सिलसिले में घमापुर गया था। वहां चौक पर प्रीतम और राजा सोनकर अपने साथियों सावन, बल्लू, साहिल सहित अन्य युवकों के साथ पहुंच गए। विशाल और प्रीतम के बीच बहस होने के बाद आरोपियों ने चाकू और बेसबॉल बैट से हमला कर दिया। हमले में विशाल की मौत हो गई, जबकि उसका भाई अंकित गंभीर रूप से घायल हो गया था। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तीन दिन अंदर ही सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, लेकिन राजा और प्रीतम अब तक फरार हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग स्थानों पर दबिश दे रही है। मृतक के परिजनों का आरोप है कि घटना के तीन महीने बाद भी मुख्य आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। बेलबाग टीआई जितेंद्र पाटकर का कहना है कि दोनों फरार आरोपियों पर इनाम घोषित है। वारंट के बाद भी पेश नहीं होने पर उनकी संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से आरोपियों के परिवार वालों के साथ वित्तीय लेनदेन से बचने की अपील की है।
 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-