पटना. बिहार की राजधानी पटना के फुलवारीशरीफ इलाके में मंगलवार सुबह दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. बभनपुरा गांव में पारिवारिक कलह, जमीन विवाद और कथित अवैध संबंधों के चलते एक बिल्डर व जमीन कारोबारी ने अपने ही 30 वर्षीय सगे भतीजे दीपक कुमार की गोलियों से भूनकर बेरहमी से हत्या कर दी. हमलावर ने सिर, पेट, जांघ और पैर में एक के बाद एक 6 गोलियां दागीं, जिससे दीपक की मौके पर ही तड़प-तड़पकर मौत हो गई. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है.
चाची का सनसनीखेज खुलासा, बहू के साथ पति के थे अवैध संबंध
इस खूनी वारदात के पीछे का सच सामने आते ही हर कोई दंग रह गया. खुद आरोपी ललन शर्मा की पत्नी शोभा देवी ने बेहद चौंकाने वाले आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि उनके पति का अपने ही भतीजे की पत्नी के साथ पिछले काफी समय से प्रेम-प्रसंग चल रहा था. इसी बात को लेकर घर में आए दिन विवाद और मारपीट होती थी. दीपक लगातार अपने चाचा की इस करतूत का विरोध कर रहा था और उसने समाज की दुहाई देकर उन्हें समझाने की भी कोशिश की थी. विवाद से तंग आकर दीपक ने अपनी पत्नी के मायके में अलग घर तक बनवा लिया था, जिससे रंजिश और ज्यादा भड़क गई.
धोखे से हड़पी थी करोड़ों की जमीन, सुबह फिर हुआ था विवाद
अवैध संबंधों के अलावा इस हत्याकांड के पीछे जमीन का बड़ा विवाद भी सामने आया है. मृतक की मां ने आरोप लगाया है कि 55 वर्षीय आरोपी ललन शर्मा ने धोखे से उनके बेटे और बहू से मुख्य सड़क किनारे स्थित एक बेशकीमती जमीन अपने नाम लिखवा ली थी. जब भी परिवार इस धोखाधड़ी का विरोध करता, आरोपी गाली-गलौज और जान से मारने की धमकियां देता था. मंगलवार की सुबह भी जमीन और पारिवारिक विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक हुई, जिसके बाद आरोपी ने अपना आपा खो दिया और हथियार निकालकर भतीजे पर गोलियां बरसा दीं.
मौके से 6 खोखे बरामद, आरोपी की पत्नी-बेटी से पूछताछ जारी
वारदात की सूचना मिलते ही फुलवारीशरीफ के एएसपी नारायण उपाध्याय भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. फॉरेंसिक टीम और पुलिस ने घटनास्थल से 6 खाली खोखे बरामद किए हैं. मृतक के पिता विंध्याचल शर्मा ने आरोप लगाया है कि वारदात के वक्त ललन शर्मा का दामाद रवि भी उसके साथ मौजूद था. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी की पत्नी और बेटी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि मुख्य आरोपी ललन शर्मा की गिरफ्तारी के लिए कई संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की जा रही है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

