कुशीनगर. यूपी के कुशीनगर जिले में नवरात्रि का मेला देखकर घर लौट रहे सात दोस्तों की कार हादसे का शिकार हो गई. कसया-देवरिया मार्ग पर रामाभार पुल से करीब 400 मीटर आगे तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई. सोमवार देर रात हुए इस हादसे में चार युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया.
जानकारी के मुताबिक, सातों दोस्त कसया में नवरात्रि का मेला देखने के बाद कार से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान रामाभार पुल के पास कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार में सवार सभी सात युवक घायल हो गए.
हादसे की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची. स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), कसया ले जाया गया. वहां डॉक्टरों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया. गंभीर हालत में पांच अन्य युवकों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया. इलाज के दौरान इनमें से दो और युवकों की मौत हो गई. इस तरह हादसे में जान गंवाने वालों की संख्या चार हो गई, जबकि तीन घायलों का उपचार जारी है.
चार दोस्तों की मौत से परिवारों में कोहराम
हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान नीतेश कुमार, प्रदीप कुमार, अंकुर कनौजिया और संजीव शर्मा के रूप में हुई है. चारों की मौत की खबर मिलते ही उनके परिवारों में कोहराम मच गया. त्योहार के मौके पर हुई इस घटना से मृतकों के गांवों में शोक का माहौल है.
पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी
कसया के क्षेत्राधिकारी अजय प्रताप सिंह ने बताया कि नवरात्रि का मेला देखकर लौट रही तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई थी. हादसे में सात युवक घायल हुए थे. पुलिस सभी को अस्पताल लेकर पहुंची, जहां उपचार के दौरान चार युवकों की मौत हो गई. पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

