नई दिल्ली. टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के मामले में गिरफ्तार तीन आरोपियों को मुंबई ले जा रही पुलिस टीम को सुरक्षा संबंधी आशंकाओं के चलते वापस कोटा लौटना पड़ा. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, टीम को शक हुआ कि कुछ लोग उसका पीछा कर रहे हैं. इसके बाद पुलिसकर्मी पहले एक थाने में रुके और फिर रात बिताने के लिए कोटा लौट गए.
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, सुरक्षा इंतजामों से संतुष्ट होने के बाद टीम दोबारा मुंबई के लिए रवाना होगी. इसके लिए राजस्थान पुलिस की एस्कॉर्ट टीम की मदद भी ली जा सकती है. इन आरोपियों का लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े होने का शक है.
ट्रेन में पकड़े गए थे तीनों आरोपी
टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के मामले में मुंबई पुलिस को सोमवार सुबह बड़ी सफलता मिली थी. मुंबई पुलिस से मिली सूचना के आधार पर की गई संयुक्त कार्रवाई में तीनों आरोपियों को राजस्थान के कोटा में पुणे-जयपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस से गिरफ्तार किया गया. पुलिस के अनुसार, फायरिंग की घटना के कुछ घंटे बाद ही आरोपी मुंबई से फरार हो गए थे. उनकी योजना पहले दिल्ली और फिर नेपाल जाने की थी. मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फूल सिंह (18), ऋतिक महतो (22) और रेहान रहीसुद्दीन (18) के रूप में की है.
कोर्ट से मिली दो दिन की ट्रांजिट रिमांड
कोटा में गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश किए जाने के बाद मुंबई पुलिस उन्हें अपने साथ ले जाने के लिए रवाना हुई थी. कोटा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुभाष चंद्र मिश्रा ने बताया कि आरोपियों को मुंबई पुलिस के हवाले कर दिया गया था. मुंबई पुलिस ने ट्रांजिट रिमांड हासिल की और आरोपियों की मेडिकल जांच भी कराई. स्थानीय अदालत ने मुंबई पुलिस को आरोपियों की दो दिन की हिरासत दी थी.

