जबलपुर- नवागत निगमायुक्त अग्रिम कुमार ने संभाला पदभार, स्वच्छता और जनसमस्याओं के समाधान पर रहेगा जोर

जबलपुर- नवागत निगमायुक्त अग्रिम कुमार ने संभाला पदभार, स्वच्छता और जनसमस्याओं के समाधान पर रहेगा जोर

प्रेषित समय :13:35:22 PM / Wed, Oct 21st, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. नगर निगम के नवागत निगमायुक्त अग्रिम कुमार ने पदभार ग्रहण कर कामकाज संभाल लिया. उन्होंने नगर विकास, स्वच्छता व्यवस्था में सुधार और जनहितकारी योजनाओं का पारदर्शी क्रियान्वयन अपनी प्राथमिकताओं में शामिल किया. साथ ही, नागरिकों की मूलभूत समस्याओं के समयबद्ध निराकरण पर जोर दिया.

स्वच्छता सर्वेक्षण की तैयारियों पर रहेगी नजर

निगमायुक्त ने शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, सार्वजनिक स्थलों की नियमित सफाई और कचरा प्रबंधन को प्रभावी बनाने पर जोर दिया. स्वच्छता सर्वेक्षण में शहर की रैंकिंग सुधारने के लिए मैदानी अमले की सक्रियता बढ़ाई जाएगी. संबंधित कर्मचारियों की कार्यप्रणाली की नियमित निगरानी भी की जाएगी, ताकि सफाई व्यवस्था में लापरवाही पर अंकुश लगाया जा सके.

नागरिक सुविधाओं में सुधार और शिकायतों का समयबद्ध निराकरण

पेयजल आपूर्ति, सड़क, स्ट्रीट लाइट और जल निकासी जैसी बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त करने के लिए विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं. आम नागरिकों की शिकायतों का निर्धारित समयसीमा में निराकरण सुनिश्चित करने पर भी ध्यान दिया जाएगा. इसके अलावा केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक बिना बाधा पहुंचाने के लिए पारदर्शी व्यवस्था बनाने पर जोर रहेगा.

अधिकारियों ने किया स्वागत

पदभार ग्रहण के दौरान अपर आयुक्त देवेंद्र सिंह चौहान, अशफाक परवेज कुरैशी, सौरभ मिश्रा, वीएन बाजपेई, अंजू सिंह ठाकुर, मनोज श्रीवास्तव, अधीक्षण यंत्री कमलेश श्रीवास्तव, कार्यपालन यंत्री नवीन लोनारे, जागेंद्र सिंह, शैलेन्द्र कौरव, आदित्य सिंह, उपायुक्त संभव अयाची, अंकिता जैन, शिवांगी महाजन, सहायक आयुक्त कामनी लिल्हारे, सहायक यंत्री सुनील दुबे, कार्यालय अधीक्षक दिलीप दुबे, स्थापना अधीक्षक संजय सिंह पटेल और मुख्य स्वच्छता निरीक्षक हर्षा पटेल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-