झारखंड: तेज रफ्तार ट्रक ने कुचला, मां-बेटे की दर्दनाक मौत, तीन अन्य बच्चे बाल-बाल बचे

झारखंड: तेज रफ्तार ट्रक ने कुचला, मां-बेटे की दर्दनाक मौत, तीन अन्य बच्चे बाल-बाल बचे

प्रेषित समय :17:45:15 PM / Wed, Oct 21st, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

हजारीबाग. झारखंड के हजारीबाग रोड स्थित बरही चौक पर बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में मां और उसके चार वर्षीय बेटे की मौत हो गई. वहीं, महिला के साथ मौजूद तीन अन्य बच्चे बाल-बाल बच गए. हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई. सड़क पर बिखरे बच्चों के खिलौने दुर्घटना की भयावहता बयां कर रहे थे.

मृतका की पहचान बाराचट्टी थाना क्षेत्र के केवलिया गांव निवासी उर्मिला देवी के रूप में हुई है. उनके पति दिनेश सिंह मुंबई में काम करते हैं. हादसे में जान गंवाने वाले चार वर्षीय बच्चे का नाम दीपांशु कुमार था. उर्मिला देवी अपने चार बच्चों के साथ टाटीझरिया के खैरा-करमा से अपने ससुराल बाराचट्टी जा रही थीं. बताया जाता है कि दुर्गा पूजा मनाने के बाद वह बच्चों के साथ घर लौट रही थीं. इसी दौरान बरही चौक पार करते समय तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया.

लोगों की काफी भीड़ जुट गई

हादसा इतना भयावह था कि उर्मिला देवी और उनके चार वर्षीय बेटे दीपांशु कुमार की मौके पर ही मौत हो गई. हालांकि, उनके साथ मौजूद तीन अन्य बच्चे सुरक्षित बच गए. घटना की सूचना मिलते ही बरही थाना प्रभारी विनोद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने दोनों मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. वहीं, दुर्घटना में शामिल ट्रक को जब्त कर बरही थाना ले जाया गया. हादसे के बाद सड़क पर लोगों की काफी भीड़ जुट गई.
 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-