जबलपुर. एमपी के जबलपुर में हनुमानताल स्थित आस्था के केंद्र बड़ी खेरमाई मंदिर में दर्शन करने पहुंची राजस्थान की महिला लता सेन के गले से लुटेरे उस वक्त मंगलसूत्र छीनकर भाग निकले, जब लता सेन मंदिर के बाहर शिवलिंग के दर्शन कर रही थी. गले से मंगलसूत्र लुटते ही महिला ने शोर मचाया, जिसपर आसपास के लोग एकत्र हो गए, वहीं सुरक्षा के लिए तैनात पुलिस कर्मी भी तत्काल पहुंच ग, जिन्होने हुलिए के आधार पर लुटेरों की तलाश शुरु कर दी है.
हनुमानताल पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजस्थान से जबलपुर आई पीडि़त महिला लता सेन ने थाने में इस संबंध में औपचारिक रिपोर्ट दर्ज कराई है. रिपोर्ट में बताया गया है कि लता सेन 15 अक्टूबर को राजस्थान से अपनी बहन आशा सेन के घर गढ़ा कछपुरा, जबलपुर आई थीं, ताकि वे यहाँ का प्रसिद्ध दशहरा पर्व और धार्मिक उत्सव देख सकें. लता सेन अपने बेटे गौरव सेन, अपनी छोटी बहन और बहन की बेटी के साथ हनुमानताल स्थित प्रसिद्ध बड़ी खेरमाई मंदिर में माता के दर्शन करने पहुँची थीं. वे रात लगभग 8 बजे मंदिर परिसर पहुँची थीं. पर्व का दिन होने और भारी भीड़ के कारण मंदिर में लंबी-लंबी कतारें लगी हुई थीं.
भीड़भाड़ के बीच कतार में आगे बढ़ते हुए रात करीब 8.30 बजे लता सेन माताजी के ठीक सामने स्थित शिव प्रतिमा के पास पहुँचीं. गर्भगृह और दर्शन क्षेत्र के आसपास अत्यधिक भीड़ और धक्का-मुक्की का माहौल था. इसी भीड़ का बेजा फायदा उठाते हुए पीछे खड़ी एक अज्ञात महिला ने बड़ी चालाकी से लता सेन के गले में पहना हुआ सोने का मंगलसूत्र चुरा लिया. चोरी किए गए इस मंगलसूत्र में पारंपरिक मोतियों के दाने और एक सुंदर पेंडल भी लगा हुआ था.
घटना के तुरंत बाद जब लता सेन का ध्यान अपने गले पर गया, तो मंगलसूत्र गायब था. उन्होंने आसपास मौजूद परिजनों और लोगों के साथ काफी तलाश की, लेकिन शातिर चोर महिला का कोई सुराग नहीं मिल सका. घटना की सूचना मिलते ही हनुमानताल थाना पुलिस हरकत में आई. पुलिस ने पीडि़ता की शिकायत पर अज्ञात महिला आरोपी के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मंदिर परिसर और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगाला जा रहा है. फुटेज में संदिग्ध महिलाओं की गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है ताकि आरोपी महिला की जल्द से जल्द पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जा सके और चोरी गया सोने का मंगलसूत्र बरामद किया जा सके.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

