जबलपुर में सैर पर निकली महिला के साथ ठगी, अशुद्ध कहकर सोने के जेवर लेकर भाग निकले

जबलपुर में सैर पर निकली महिला के साथ ठगी, अशुद्ध कहकर सोने के जेवर लेकर भाग निकले

प्रेषित समय :16:09:22 PM / Thu, Oct 22nd, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. एमपी के जबलपुर में ओमती स्थित नौदराब्रिज के पास सुबह की सैर (वॉकिंग) पर निकली एक महिला के साथ शातिर ठगी का मामला सामने आया है. हरिद्वार से आने का झांसा देकर और धार्मिक भावनाओं का हवाला देकर दो अज्ञात ठगों ने महिला को अपनी बातों में उलझाया और उनके लाखों रुपए के सोने के गहने तथा महंगा आईफोन लेकर फरार हो गए. पुलिस ने पीडि़ता की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (क्चहृस्) की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.

पुलिस से प्राप्त जानकारी के श्रीमती मधु टहिलियानी उम्र 56 वर्ष रब्स हाईट्स, साउथ सिविल लाईन की निवासी हैं, रोज की तरह सुबह घर से वॉकिंग के लिए निकली थीं. चलते-चलते जब वह नौदरा चौक स्थित शिवालय होटल के पास पहुंचीं, तो सुबह करीब 07.35 बजे उन्हें एक संदिग्ध व्यक्ति मिला. उसने पीले रंग की टी-शर्ट और नीली जींस पहन रखी थी. उस व्यक्ति ने महिला से डॉक्टर शीतला के यहाँ अपनी माँ का इलाज कराने की बात कहकर डॉक्टर का पता पूछा. जब महिला ने पता होने से इंकार किया, तभी रसल चौक की तरफ से एक अन्य व्यक्ति वहाँ आ गया जिसने सफेद शर्ट पहन रखी थी. पहले व्यक्ति ने उससे भी डॉक्टर का पता पूछा, लेकिन उसने भी असमर्थता जताई.

अंधविश्वास और झांसे का जाल-

इसके बाद ठग ने महिला से कहा कि वह हरिद्वार से आया है और महिला से पूछा कि क्या वह महावीर जैन भगवान को मानती हैं? जब महिला ने कहा कि वह नहीं मानती, तो ठग ने उन पर भगवान का अपमान करने का आरोप लगाया. इसके बाद उसने सफेद शर्ट वाले व्यक्ति से कहा कि तुम्हारी माँ की तबीयत खराब रहती है, जिस पर उस व्यक्ति ने हाँ कहा. बातचीत के दौरान ठग ने दोनों से एक-एक बोतल पानी लाने को कहा. महिला और सफेद शर्ट वाले व्यक्ति ने पास की शिवालय होटल से पानी की दो बोतलें खरीदीं. चूंकि महिला के पास खुले पैसे नहीं थे, इसलिए सफेद शर्ट वाले व्यक्ति ने पैसे दिए और दोनों ने वह पानी उस ठग को दे दिया.

इसके बाद शातिर ठग ने सफेद शर्ट वाले व्यक्ति के हाथ में पानी डलवाया, उसका पर्स दिलाया और उसे 11 कदम चलकर वापस आने को कहा. जब वह व्यक्ति 11 कदम चलकर वापस आया, तो ठग ने महिला को निशाना बनाते हुए कहा कि तुम्हारे घर में भी परेशानियाँ चल रही हैं और तुमने जो सोना पहना है, वह अशुद्ध है. उसने सोने को शुद्ध करने के नाम पर महिला से उसके हाथ के कड़े, गले की चेन (लॉकेट सहित) और अंगूठी उतारकर पर्स में रखवा ली. उस समय महिला के उस पर्स में उनका एप्पल आईफोन 15 मोबाइल भी रखा हुआ था. शातिर ठगों ने वह पूरा पर्स सफेद शर्ट पहने व्यक्ति के हाथ में रखवा दिया और महिला को 51 कदम आगे जाने के लिए कहा.

महिला जैसे ही अकेली मात्र 3 कदम आगे गई और उसने पीछे मुड़कर देखा, तो दोनों व्यक्ति एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर तेजी से भाग चुके थे. महिला ने घबराकर एकू्टिवा सवार एक राहगीर की मदद ली और उनकी तलाश में तीन पत्ती चौक तक पीछा किया, लेकिन ठगों का कोई सुराग नहीं मिला. अज्ञात ठगों द्वारा बेईमानी पूर्वक सोना शुद्ध करने का झांसा देकर महिला का पर्स, जिसमें सोने के गहने और कीमती आईफोन रखा था, हड़प लिया गया और वे रफूचक्कर हो गए. घटना की गंभीरता को देखते हुए ओमती थाने में त्वरित कार्रवाई की गई है. पुलिस ने इस मामले में धारा 318(4) और 3(5) बीएनएस (क्चहृस्) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है और आरोपियों की तलाश के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-