जबलपुर. एमपी के जबलपुर में बरगी स्थित ग्राम निगरी में छुआछूत को लेकर एक सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है. यहां पवित्र दुर्गा पूजा पंडाल, कन्या भोज और अन्य सार्वजनिक धार्मिक आयोजनों के दौरान अनुसूचित जाति वर्ग के साथ सरेआम घिनौनी छुआछूत का बर्ताव किया गया है. इस अमानवीय और अपमानजनक कृत्य से आक्रोशित चौधरी, सहित अन्य समाज के 100 से अधिक महिला, पुरुष व बच्चे लामबंद होकर सीधे बरगी थाने जा पहुंचे और जोरदार प्रदर्शन करते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ हल्ला बोल दिया.
इस उग्र प्रदर्शन का नेतृत्व अखिलेश चौधरी, रामप्रसाद चौधरी, परशु चौधरी, गोपाल चौधरी, राजेंद्र बसोर, अनिल बसोर, कुसुंबी चमार, लोंग बाई चमार, ललिता बाई चमार तथा आरती बाई चमार ने संयुक्त रूप से किया. ग्रामीणों का सुलगता हुआ आरोप है कि कुछ तथाकथित दबंग लोगों द्वारा धार्मिक आयोजनों की आड़ में उन्हें समाज से अलग-थलग कर लगातार अपमानित किया जा रहा है. थाने में सौंपी गई लिखित शिकायत में पीडि़त समुदाय ने अपनी व्यथा का दर्दनाक खुलासा करते हुए बताया कि उनके गांव का हर एक व्यक्ति हिंदू धर्म में अटूट आस्था रखता है और वे भी अन्य लोगों की तरह ही माता रानी की आराधना करने का समान अधिकार चाहते हैं.
इसके बावजूद, नवरात्रि के पवित्र दिनों में माता के पंडाल में पूजा-अर्चना करने और कन्या भोज जैसे पावन अनुष्ठान के दौरान उनकी मासूम बालिकाओं को बेरहमी से दूसरे बच्चों से दूर जमीन पर अलग बैठा दिया गया. साथ बैठकर भोजन करने और धार्मिक अनुष्ठानों में खुलेआम शामिल होने से रोकने की इस घटिया हरकत ने मासूम बच्चियों के कोमल मन पर गहरा आघात किया है, जिससे उनके मन में हीनभावना घर करती जा रही है. कुप्रथा मिटाने के लिए सौंपे गए चिह्नित नाम, दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर घिनौना आचरण समाज के पारस्परिक भाईचारे, आपसी सद्भाव और संविधान प्रदत्त समानता के ताने-बाने को तार-तार कर रहा है. प्रदर्शनकारियों ने अपनी शिकायत में इस कुकृत्य में सीधे तौर पर संलिप्त कुछ रसूखदार लोगों के नाम भी उजागर किए हैं. ग्रामीणों ने एक स्वर में मांग उठाई है कि गांव में पसरी इस काली जातिगत कुप्रथा को अविलंब नेस्तनाबूद किया जाए और इस अमानवीय कृत्य को अंजाम देने वाले सभी दोषी व्यक्तियों के खिलाफ तत्काल सख्त से सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में दोबारा ऐसी हिम्मत कोई न कर सके.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

