जबलपुर. एमपी के जबलपुर में घमापुर स्थित बल्दी कोरी की दफाई क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है. शराब पीने से इनकार करने पर दो युवकों ने एक मजदूर पर बेरहमी से चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए. इस खूनी हमले में युवक की आंख, पेट और कंधे पर गंभीर चोटें आई हैं. लहूलुहान हालत में युवक को मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसकी हालत अत्यंत नाजुक बनी हुई है.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, करिया पाथर निवासी 25 वर्षीय सूर्यकांत वंशकार मजदूरी का काम करता है. बीती रात करीब 11 बजे वह शराब खरीदने के लिए धर्मशाला के पास गया था, लेकिन वहाँ उसे शराब नहीं मिली. उसी दौरान उसके परिचित अन्नू चौधरी और विक्की वहाँ आ गए, जो खुद भी शराब लेने पहुँचे थे. इसके बाद तीनों मन्ना की दुकान बल्दीकोरी की दफाई पहुंचे, जहां सूर्यकांत ने शराब खरीदी. जैसे ही वह शराब लेकर अपने घर जाने लगा, अन्नू ने उसे रोकते हुए जिद की कि यहीं बैठकर शराब पिएंगे. सूर्यकांत ने घर जाकर पीने की बात कहकर इनकार कर दिया. घर जाने की जिद और शराब न पीने की बात पर दोनों आरोपी आगबबूला हो गए.
विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी अन्नू ने अचानक चाकू निकाल लिया और सूर्यकांत पर ताबड़तोड़ वार शुरू कर दिए. हमले में सूर्यकांत की आंख के पास, पेट और कंधे पर गंभीर और गहरे घाव हो गए. अपनी जान बचाने के लिए वह किसी तरह घर की ओर भागा, लेकिन रास्ते में अधिक खून बह जाने और दर्द के कारण वह चक्कर खाकर मैदान में ही गिर पड़ा. चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर दौड़े और तुरंत उसे जिला अस्पताल पहुँचाया, जहाँ हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे मेडिकल अस्पताल रेफर कर दिया. घटना की खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंच गए. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का गंभीर मामला पंजीबद्ध कर लिया है. पुलिस की टीमें फरार हमलावरों की सरगर्मी से तलाश में जुटी हैं.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

