जबलपुर पहुंचीं पीटी ऊषा, बोलीं- छोटे शहरों की प्रतिभाओं को भी मिले बड़े मंच पर खेलने का मौका

जबलपुर पहुंचीं पीटी ऊषा, बोलीं- छोटे शहरों की प्रतिभाओं को भी मिले बड़े मंच पर खेलने का मौका

प्रेषित समय :18:16:25 PM / Fri, Oct 23rd, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. भारतीय ओलिंपिक संघ की अध्यक्ष और देश की दिग्गज पूर्व एथलीट डॉ. पीटी ऊषा शुक्रवार को संक्षिप्त प्रवास पर जबलपुर पहुंचीं. ‘उड़नपरी’ के नाम से मशहूर पीटी ऊषा ने मध्य प्रदेश में खेल प्रतिभाओं, खिलाड़ियों को मिलने वाली सुविधाओं और खेल इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार को लेकर अपने विचार साझा किए. उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें सही समय पर मार्गदर्शन, बेहतर सुविधाएं और उचित मंच उपलब्ध कराने की है.

नईदुनिया से खास बातचीत में साझा किए विचार

मध्य प्रदेश ओलिंपिक संघ की ओर से शहर के एक निजी होटल में आयोजित अभिनंदन समारोह में शामिल होने पहुंचीं पीटी ऊषा ने दैनिक समाचार पत्र नईदुनिया से खास बातचीत की. इस दौरान उन्होंने प्रदेश में खेलों की संभावनाओं और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए जरूरी कदमों पर अपनी बात रखी.

शुक्रवार दोपहर निजी कार्य से जबलपुर पहुंचने पर डुमना विमानतल पर मध्य प्रदेश ओलिंपिक संघ के सचिव दिग्विजय सिंह ने उनका स्वागत किया.

सही समय पर मार्गदर्शन और सुविधाएं जरूरी

पीटी ऊषा ने कहा कि मध्य प्रदेश में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है. यहां के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं. ऐसे खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए सही समय पर उचित मार्गदर्शन और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराना महत्वपूर्ण है.

उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के अवसर मिलने चाहिए, ताकि वे अपनी क्षमता के अनुसार प्रदर्शन कर सकें और खेलों में प्रदेश का नाम रोशन करें.

भोपाल की सुविधाओं का जबलपुर तक हो विस्तार

प्रदेश में खेल सुविधाओं के विकास पर बात करते हुए पीटी ऊषा ने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार खेलों के लिए अच्छा काम कर रही है. खास तौर पर भोपाल में विकसित हो रही अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाएं सराहनीय हैं.

उन्होंने कहा कि खेलों से जुड़ी ऐसी सुविधाओं का विस्तार जबलपुर जैसे अन्य शहरों तक भी होना चाहिए. इससे स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और अभ्यास के अवसर मिल सकेंगे. साथ ही, उन्हें अपनी प्रतिभा निखारने और बड़े स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयारी करने में मदद मिलेगी.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-