जबलपुर के सिहोरा में अनियंत्रित पिकअप वाहन ने नानी-नातिन को रौंदा, वृद्धा की दर्दनाक मौत, युवती अत्यंत गंभीर

जबलपुर के सिहोरा में अनियंत्रित पिकअप वाहन ने नानी-नातिन को रौंदा, वृद्धा की दर्दनाक मौत, युवती अत्यंत गंभीर

प्रेषित समय :20:45:06 PM / Sat, Oct 24th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. एमपी के जबलपुर में सिहोरा स्थित हटौली गांव में दर्दनाक  हादसा हुआ है, यहां पर काल बनकर आए पिकअप वाहन ने सड़क किनारे खड़ी नानी और नातिन को कुचल दिया. हादसे के बाद आसपास खड़े लोगों में चीख-पुकार मच गई. दुर्घटना में वृद्धा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी नातिन की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है, जिसे खून से लथपथ हालत में जबलपुर रेफर किया गया है.

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हटौली गांव के बस स्टेंड पर आज दोपहर 3.30 बजे के लगभग हल्लेबाई चौधरी उम्र 65 वर्ष अपनी नातिन रागिनी उम्र 22 वर्ष की ससुराल ग्राम हटौली आई हुई थीं. कुछ दिन वहां बिताने के बाद आज हल्लेबाई अपने घर ग्राम इमलिया लौटने के लिए निकली थीं.  नानी और नातिन दोनों हटौली गांव में सड़क किनारे खड़े होकर अपने घर जाने के लिए बस का इंतजार कर रही थीं. इस दौरान तेज रफ्तार से आए पिकअप वाहन ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी.

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हल्लेबाई और रागिनी संभल तक नहीं पाईं और सड़क पर सामने की ओर जा गिरीं. जिन्हे रौंदते हुए पिकअप वाहन निकल गया. हादसे में वृद्धा हल्लेबाई की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं रागिनी खून से लथपथ हालत में छटपटाती रही. दुर्घटना होते देख आसपास के लोगों में चीख पुकार व अफरातफरी मच गई. खबर मिलते ही मझौली पुलिस पहुंच गई और दोनों को स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचाया. जहां पर डाक्टरों ने वृद्धा को मृत घोषित कर दिया, वहीं रागिनी की हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे तुरंत जबलपुर रेफर कर दिया गया, जहां उसका इलाज जारी है. घटना के बाद  चालक अपना पिकअप वाहन मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया. पुलिस ने वाहन को अपने कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश शुरु कर दी है. 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-