ग्वालियर में दुष्कर्म के दो मामले आए सामने, NEET छात्रा को वीडियो से ब्लैकमेल करने का आरोप

ग्वालियर में दुष्कर्म के दो मामले आए सामने, NEET छात्रा को वीडियो से ब्लैकमेल करने का आरोप

प्रेषित समय :17:34:07 PM / Sat, Oct 24th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

ग्वालियर. मध्य प्रदेश के ग्वालियर में महिलाओं के खिलाफ अपराध से जुड़े दो अलग-अलग मामले सामने आए हैं. एक मामले में 17 वर्षीय NEET छात्रा ने सोशल मीडिया पर परिचित युवक पर होटल में दुष्कर्म करने और वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है. वहीं, माधौगंज क्षेत्र में एक युवती ने युवक पर मारपीट करने और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव डालने के आरोप लगाए हैं. इसके अलावा कंपू क्षेत्र में एक महिला की शिकायत पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का मामला दर्ज किया गया है. पुलिस मामलों की जांच कर रही है.

इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बाद होटल ले जाने का आरोप

ग्वालियर के गोला का मंदिर क्षेत्र में 17 वर्षीय NEET छात्रा से दुष्कर्म का मामला सामने आया है. शिकायत के अनुसार, छात्रा की इंस्टाग्राम के जरिए आरुष मिश्रा से पहचान हुई थी. आरोप है कि युवक उसे कोचिंग के बहाने होटल ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया और उसका वीडियो बना लिया.

इसके बाद वीडियो के जरिए छात्रा को ब्लैकमेल किए जाने का आरोप है. मामले का खुलासा तब हुआ, जब वीडियो छात्रा के रिश्तेदारों के मोबाइल फोन तक पहुंच गया और परिजनों को घटना की जानकारी मिली. शिकायत के आधार पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

माधौगंज में मारपीट और धर्म परिवर्तन के दबाव का आरोप

माधौगंज थाना क्षेत्र में एक युवती ने अदनान खान के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं. युवती का कहना है कि दोनों के बीच दोस्ती थी और संबंध बनने के बाद युवक उस पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव डालने लगा.

माधौगंज थाना प्रभारी दिव्या तिवारी के मुताबिक, दोनों करीब तीन साल से साथ थे. युवती ने हाल ही में मारपीट की शिकायत की थी. पुलिस के अनुसार, घटना में युवती के हाथ में सब्जी काटने वाले चाकू से चोट लगने की बात सामने आई है. इस संबंध में मारपीट की रिपोर्ट दर्ज की गई है.

युवती शुक्रवार को सनातन सेना के सदस्यों के साथ थाने पहुंची और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव डालने का आरोप लगाया. पुलिस के मुताबिक, इस आरोप की जांच की जा रही है और धर्म परिवर्तन के दबाव संबंधी शिकायत पर फिलहाल एफआईआर दर्ज होने की पुष्टि नहीं हुई है.

कंपू में शादी का झांसा देकर दुष्कर्म की शिकायत

ग्वालियर के कंपू क्षेत्र में 38 वर्षीय महिला ने अतीक अहमद के खिलाफ शिकायत की है. महिला का आरोप है कि सोशल मीडिया के जरिए पहचान बढ़ाने के बाद आरोपी ने शादी का वादा किया और उसके साथ दुष्कर्म किया. शिकायत के मुताबिक, अब आरोपी शादी करने से इनकार कर रहा है.

पुलिस ने इस मामले में भी केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि शिकायतों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. सभी आरोपों की पुष्टि जांच और कानूनी प्रक्रिया के बाद ही हो सकेगी.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-