जबलपुर. एमपी के जबलपुर में पनागर स्थित जतवा गांव में एक सनसनीखेज घटनाक्रम सामने आया है. यहां पर देर रात युवक की अभिषेक कोल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. युवक को आज सुबह परिजनों ने देखा कि वह फांसी के फंदे पर लटक रहा है और उसके घुटने जमीन पर टिके है. खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए और जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल पहुंचाकर मर्ग कायम कर िलया है. जिस तरह से युवक की लाश मिली है उसे देखते हुए पुलिस ने भी मामले को संदिग्ध माना है. पुलिस का कहना है कि पीएम रिपोर्ट व जांच में मिले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्यवाही की जाएगी.
पुलिस के अनुसार पनागर के जतवा गांव में रहने वाला अभिषेक कोल उम्र 20 वर्ष पेशे से एक मजदूर रहा. जो अपनी मां के साथ रहता था, जबकि उसके भाई सामने वाले दूसरे मकान में निवास करते हैं. बीते दिन अभिषेक की मां मजदूरी करने के लिए बाहर गई हुई थीं. अधिक रात होने के कारण वह अपनी बहन के घर रुक गई. इधर घर में अकेले अभिषेक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. आज सुबह जब आसपास के लोगों ने घर के पिछले हिस्से से प्रवेश किया, तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए. अभिषेक का शव फंदे से लटका हुआ था, लेकिन उसके घुटने जमीन पर टिके हुए थे.
स्थानीय लोगों की सूचना पर तुरंत पनागर पुलिस मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया. पुलिस को पूछताछ में पता चला कि अभिषेक कोल नशे का आदी था. पुलिस को घटनास्थल और शव के आसपास से भी नशे की तेज बू आ रही थी. पुलिस का अनुमान है कि नशे की हालत या किसी मानसिक तनाव के चलते उसने यह कदम उठाया होगा. हालांकि, मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा. पुलिस का कहना है कि अभिषेक के घुटने जमीन पर टिके होने के कारण मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

