जबलपुर. एमपी के जबलपुर स्थित बरेला में बीती रात दुर्गा जी प्रतिमा के विसर्जन के दौरान दो पक्षों में टकराव हो गया, जिसमें दोनों पक्षों के लोगों ने एक दूसरे पर हमला कर दिया, हमले में भाजपा युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष प्रवेश पटेल सहित 6 लोगों को चोटें आई है. जिसमें 2 की हालत गंभीर बनी हुई है. मामले में प्रवेश पटेल ने जनपद उपाध्यक्ष रामेश्वर साहू, उनके भाई प्रहलाद साहू और अन्य लोगों पर मारपीट करने के आरोप लगाए हैं. बरेला थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
पुलिस के अनुसार बरेला में स्थापित 51 फीट ऊंची माता की प्रतिमा को विसर्जन के लिए ले जाया जा रहा था. इसी दौरान दूसरा गुट सामने आ गया और दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया. आरोप है कि कुछ देर बाद जनपद उपाध्यक्ष रामेश्वर साहू अपने कुछ साथियों के साथ मौके पर पहुंचे. इसके बाद विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट होने लगी. आरोप है कि रामेश्वर साहू और उनके साथियों ने भाजपा युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष प्रवेश पटेल सहित महिलाओं के साथ मारपीट की.
घटना के बाद घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया. भाजपा नेता प्रवेश पटेल ने आरोप लगाया कि जनपद उपाध्यक्ष रामेश्वर साहू अपने भाई प्रहलाद साहू और कुछ अन्य लोगों के साथ पहुंचे और अचानक मारपीट शुरू कर दी. उन्होंने बताया कि क्षेत्र में उनके पक्ष की ओर से भी प्रतिमा स्थापित की गई थी और विसर्जन के दौरान ही विवाद हुआ. घटना की खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए थे.
जिन्होने दो पक्षों के लोगों को अलग अलग कराते हुए घायलों को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल पहुंचाया. वहीं पुलिस का कहना है कि बरेला में 51 फीट ऊंची माता की प्रतिमा का विसर्जन हो रहा था और वहां काफी भीड़ थी. इसी दौरान रामेश्वर साहू और अन्य लोगों के बीच मारपीट की घटना हुई. मामले में 6 लोगों को चोटें आई हैं. इनमें 2 की हालत गंभीर और 4 की सामान्य है. सभी का इलाज चल रहा है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

