जबलपुर में दूसरी शादी करने गर्भवती पत्नी को दिया तलाक, मारपीट कर घर से निकाला

जबलपुर में दूसरी शादी करने गर्भवती पत्नी को दिया तलाक, मारपीट कर घर से निकाला

प्रेषित समय :14:59:30 PM / Sun, Oct 25th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. एमपी के जबलपुर में हनुमानताल क्षेत्र निवासी महिला को दहेज की लालच व दूसरी शादी करने के लिए पति ने बुरी तरह पीटा और देर रात तलाक, तलाक, तलाक कहते हुए घर से निकाल दिया. बेबस पीडि़ता अपने रोते-बिलखते परिजनों के साथ न्याय की गुहार लगाने हनुमानताल थाने पहुंची. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरु कर दी है.

बताया गया है कि हनुमानताल निवासी 30 वर्षीय पीडि़ता का विवाह रिश्तेदारों की मध्यस्थता से इमरान खान के साथ संपन्न हुआ था. पीडि़ता का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष उसे लगातार दहेज के लिए प्रताडि़त कर रहा था. आरोपी पति आए दिन शराब के नशे में धुत होकर घर पहुँचता और सार्वजनिक रूप से उसके साथ मारपीट करता था. पीडि़ता के परिजनों ने बताया कि शादी के समय से ही आरोपी द्वारा बाइक, भारी नकदी और अन्य कीमती सामान की मांग की जा रही थी. पीडि़ता का परिवार बेहद सामान्य आर्थिक पृष्ठभूमि से आता है, फिर भी बेटी का घर टूटने से बचाने और उसका जीवन संवारने के लिए माता-पिता हर संभव कोशिश करते हुए ससुराल वालों की अनुचित मांगें पूरी करते रहे, लेकिन उत्पीडऩ का सिलसिला कभी बंद नहीं हुआ.

समझाइश के बाद भी नहीं माना आरोपी, दूसरी शादी का दबाव-

घटना की रात आरोपी इमरान ने शराब के नशे में अपनी गर्भवती पत्नी के साथ जमकर मारपीट की और उसे घर से बेदखल कर दिया. सूचना मिलने पर पीडि़ता के माता-पिता और रिश्तेदार मौके पर पहुँचे और काफी मशक्कत के बाद इमरान को समझा-बुझाकर बेटी को घर के अंदर रखवाया. हालांकि, रिश्तेदारों के जाने के बाद आरोपी का गुस्सा फिर भड़क उठा. पीडि़ता ने बताया कि उसकी जेठानी और ननद की मौजूदगी में आरोपी ने फिर से गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी. इसके बाद उसने साफ़ तौर पर कहा कि वह दूसरी शादी करना चाहता है और इसी सनक में उसने तीन बार तलाक-तलाक-तलाक बोलकर वैवाहिक संबंध तोडऩे का ऐलान कर दिया. जब घर की अन्य महिलाओं (जेठानी व ननद) ने उसे रोकने और समझाने का प्रयास किया, तो आरोपी ने उनके साथ भी अभद्रता की.

पीडि़ता बोली, मैं कहां जाऊं-

पीडि़ता वर्तमान में छह महीने के गर्भ से है. इस नाजुक स्थिति में शारीरिक हमले और बेदखली के कारण पीडि़ता और उसके अजन्मे बच्चे के स्वास्थ्य को लेकर परिजन बेहद चिंतित और आशंकित हैं. बिलखती पीडि़ता ने थाने में सवाल उठाया— वह दूसरी शादी करना चाहता है, यह जानते हुए भी कि मैं गर्भवती हूँ, उसने मुझे तीन तलाक देकर फेंक दिया... अब मैं कहाँ जाऊँ? मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए हनुमानताल थाना पुलिस ने लिखित शिकायत दर्ज कर ली है. थाना प्रभारी सुभाषचंद्र बघेल ने बताया कि पीडि़ता और उसके परिजनों के बयानों, उपलब्ध साक्ष्यों तथा गवाहों के आधार पर वैधानिक जांच प्रारंभ कर दी गई है.
 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-